विपक्ष को बिहार के विकास की कोई चिंता नहीं: लखेंद्र पासवान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक्स पोस्ट पर बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने पलटवार किया।

Update: 2026-02-10 17:58 GMT

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक्स पोस्ट पर बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने पलटवार किया।

मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि विपक्ष को बिहार के विकास की कोई चिंता नहीं है।

पटना में मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि विपक्ष के विधायक जनता के वोट से जीतकर आए हैं, इसलिए उन्हें बिहार के विकास पर अपने विचार रखने चाहिए और राज्य की तरक्की के लिए सरकार को सुझाव देने चाहिए, लेकिन उनका एकमात्र मकसद सदन में व्यवधान पैदा करना है। यह उनकी मंशा बन गई है। बिहार की जनता सब देख रही है। सदन लोकतंत्र का मंदिर है। जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि सदन में जनता के विश्वास पर खरे उतरने के लिए आते हैं, लेकिन विपक्ष जिस तरह से सदन में हंगामा करता है, उससे साफ दिखता है कि जनता ने उन्हें एक हाथ में समेट दिया है।

वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कोई भी व्यक्ति- चाहे वह नेता हो या आम नागरिक- ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे समाज में गलत संदेश जाए और सार्वजनिक शिष्टाचार टूटे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजद नेताओं ने बार-बार ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। बिहार की जनता ने इन्हीं कारणों से इन्हें 25 सीटों पर समेट दिया। पूरा विपक्ष महज 35 सीटों पर सिमट गया। अगर किसी के बारे में ओछी टिप्पणियां करते रहेंगे तो बिहार की जनता सब देख रही है और इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। राजद के नेताओं को मर्यादा में रहना चाहिए। बिहार की जनता आने वाले समय में राजद को सबक सिखाएगी।

बता दें कि सीएम नीतीश कुमार की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को लेकर दिए गए लड़की वाले बयान पर राजद ने रोष जताया है। राजद ने पोस्ट में लिखा कि मानसिक संतुलन खो चुके सीएम नीतीश कुमार सदन की गरिमा के लिए ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में व्यवस्था एवं कानून की अवस्था के लिए भी एक खतरा बन चुके हैं।

Tags:    

Similar News