राहुल गांधी ने साझा की कोरोना पीड़ित पत्रकार की व्यथा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘स्पीक अप दिल्ली’ कार्यक्रम में कोविड-19 से प्रभावित एक वरिष्ठ पत्रकार की व्यथा भरी वीडियो को साझा किया
नयी दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘स्पीक अप दिल्ली’ कार्यक्रम में कोरोना वायरस (कोविड-19) से प्रभावित एक वरिष्ठ पत्रकार की व्यथा भरी वीडियो को साझा किया।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने पार्टी की ओर से हाल में आयोजित ‘स्पीक अप इंडिया’ की तर्ज पर ‘स्पीक अप दिल्ली’ अभियान को लॉच किया, जिसके जरिये लोगों की आवाज के जरिए केजरीवाल सरकार की विफलताओं को उजागर किया गया। कार्यक्रम में लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, क्योंकि श्री राहुल गांधी भी इस अभियान में शामिल हुए। ट्विटर पर यह अभियान पूरे दिन चलता रहा।
राहुल गांधी ने कोरोना वायरस से प्रभावित एक वरिष्ठ पत्रकार का वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने (पत्रकार ने) दिल्ली सरकार से कोई समर्थन या सहायता न मिलने का अपनी दुर्दशा व्यक्त की है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दत्त, शिवानी चोपड़ा, मुदित अग्रवाल और अली मेंहदी भी मौजूद थे।