अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या, घर के बाहर बरसी गोलियां

पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई;

Update: 2026-10-03 16:53 GMT

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या

  • धमकियों के बीच इन्फ्लुएंसर की हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार
  • अमृतसर में हाई प्रोफाइल मर्डर, मैड संधू पर ताबड़तोड़ फायरिंग
  • सोशल मीडिया स्टार मैड संधू की हत्या, पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात लोहारका रोड इलाके में हुई, जहां बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घर के बाहर हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, मैड संधू मंगलवार शाम अपने घर के बाहर किसी काम से निकले थे। इसी दौरान पहले से मौके पर मौजूद दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल संधू को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कई दिनों से मिल रही थीं धमकियां

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मैड संधू को पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि उनके वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर कुछ लोगों की ओर से आपत्तियां जताई गई थीं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

शहर में नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शहर के कई हिस्सों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। जांच अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

सोशल मीडिया पर थी अच्छी पहचान

मैड संधू सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। वह अपना सैलून व्यवसाय चलाने के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वीडियो भी बनाते थे। इसके अलावा उन्होंने कुछ पंजाबी प्रोजेक्ट्स और फिल्मों में भी काम किया था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News