चाकू अड़ाकर युवक को लूटा,8 हजार नकद सहित मोबाइल व बाइक लेकर फरार
पेेेण्ड्रा ! आदतन बदमाश बाबू हकला ने युवक से पहले तो लिफ्ट लिया फिर कुछ दूर छोडऩे को कहा, बाद में चाकू अड़ाकर युवक का मोबाइल, 8 हजार रूपये नगद तथा पैशन प्रो बाइक लूटकर रफू चक्कर हो गया।;
पेेेण्ड्रा ! आदतन बदमाश बाबू हकला ने युवक से पहले तो लिफ्ट लिया फिर कुछ दूर छोडऩे को कहा, बाद में चाकू अड़ाकर युवक का मोबाइल, 8 हजार रूपये नगद तथा पैशन प्रो बाइक लूटकर रफू चक्कर हो गया। लूट के शिकार युवक ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई है जिस पर पुलिस अपराध पंजीबद्व कर बाबू हकला की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
घटना 22 फरवरी बुधवार के लगभग 3 बजे की है। पेण्ड्रा थाना अंतर्गत के ग्राम सकोला कोटमी मे रहने वाला 18 वर्षीय युवक दीपक गुप्ता पिता राजेश गुप्ता अपने दोस्त शुभम गुप्ता के साथ गौरेला के दिनेश मोबाइल के दुकान गया था। शुभम गुप्ता मोबाइल दुकान में लेनदेन कर रहा था और दीपक गुप्ता अमरकंटक मार्ग स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भराने के लिये जाने लगा। तभी दिनेश मोबाइल के बगल में रहने वाले बाबू खान उर्फ बाबू हकला ने दीपक गुप्ता से लिफ्ट मांगा तथा कुछ दूर छोडऩे को कहा जिसके बाद दीपक गुप्ता उसे पेट्रोल पंप के पास उतारने लगा तब बाबू हकला ने उसे कुछ और दूर छोडऩे को कहा। युवक ने सहृदयता दिखाते हुए उसे कुछ और दूर छोड़ा। बाइक से उतरकर बाबू हकला ने चाकू निकालकर युवक के गले में अडा दिया और उसके जेब में रखे नगद 8 हजार, एक मोबाइल और पैशन प्रो मोटरसायकल लूटकर वहां से रफूचक्कर हो गया। लूटे युवक ने किसी तरह से मुख्यमार्ग पहुंचा और वहां से दिनेश मोबाइल जाकर अपने दोस्त को पूरी घटना बताई जिसके बाद दीपक गुप्ता ने गौरेला थाने जाकर अपने साथ हुई लूट की वारदात को गौरेला पुलिस को बताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बाबू हकला से पहले से ही परेशान गौरेला पुलिस के हाथ पैर फूल गए और तत्काल बाबू हकला की पतासाजी शुरू कर दी परंतु इस दौरान बादतन बदमाश बाबू हकला पुलिस की पकड से काफी दूर जा चुका था। गौरेला के आसपास पतासाजी करने के बाद गौरेला पुलिस ने लूट के शिकार युवक दीपक गुप्ता की रिपोर्ट पर भादवि की धारा 394 तहत अपराध पंजीबद्व कर बाबू हकला के संभावित ठीकानो पर खोजबीन कर रही है। पुलिस रिकार्ड में पहले से ही आदतन अपराधी के रूप में चिन्हित बाबू हकला की गतिविधियों से आम नागरिकों के अलावा पुलिस भी परेशान है। अभी तीन चार दिन पूर्व ही बाबू हकला गोरखपुर जेल से छूटकर आया था तथा लूट की वारदात को अंजाम दिया। एक मामले में बाबू हकला पर भादवि की धारा 377 का अपराध भी पंजीबद्व है। अब जबकि जेल से छूटने के बाद बाबू हकला के हाथ में लूट की मोटर सायकल मोबाइल और 8 हजार रूपये नगदी हाथ लगा है ऐसे में वह कहां किस घटना को अंजाम दे दे कुछ कह पाना मुश्किल है जिससे पुलिस भी चिंतित है।
लिफ्ट मांग कर घटना को दिया अंजाम