ब्रिक्स बिजनेस फोरम में भारत की मेहमाननवाजी खास: दक्षिण अफ्रीकी प्रतिनिधि सिखुलिले
नई दिल्ली, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचीं दक्षिण अफ्रीका की स्वाटेक डिफेंस एंड एयरोस्पेस की अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि सिखुलिले मत्सेत्फवा ने सम्मेलन और भारत की मेहमाननवाजी को लेकर खुशी जताई।;
नई दिल्ली, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचीं दक्षिण अफ्रीका की स्वाटेक डिफेंस एंड एयरोस्पेस की अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि सिखुलिले मत्सेत्फवा ने सम्मेलन और भारत की मेहमाननवाजी को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह फोरम बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग बढ़ाने का बड़ा मंच है, जहां कंपनियां, सरकारें और लोग मिलकर समृद्धि और भविष्य के नेतृत्व पर चर्चा कर रहे हैं।
सिखुलिले मत्सेत्फवा ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन एक बिजनेस फोरम है, जहां हम बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग की बात कर रहे हैं। हम यह देख रहे हैं कि कंपनियां, सरकारें और लोग किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं और आपस में सहयोग बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, इस समय मुख्य विषय समृद्धि को आगे बढ़ाना है और ऐसे बिजनेस लीडर्स तैयार करना है जो भविष्य का नेतृत्व कर सकें।
सिखुलिले ने कहा, "हम दक्षिण अफ्रीका से यहां आए हैं और हमारे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व व्यापार और उद्योग विभाग कर रहा है। हमारा उद्देश्य यहां सीखना, सहयोग करना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी देश मिलकर आगे बढ़ें ताकि विकास और समृद्धि का लाभ सबको मिल सके।"
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करें और नेतृत्व की भूमिका में आगे आएं। साथ ही, युवा पीढ़ी को भी अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि आज हम आने वाली पीढ़ी का भविष्य बना रहे हैं। अगली पीढ़ी को हमसे सीखना है। अगर हम सब यहां एक साथ बैठकर यह चर्चा कर रहे हैं कि दक्षिण अफ्रीका ही नहीं बल्कि पूरा अफ्रीका दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार और साझेदार कैसे बन सकता है, तो यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है।
सिखुलिले ने शिखर सम्मेलन में शामिल होने पर भारत का आभार जताया और कहा कि यहां आने के बाद हमने भारतीय लोगों का जो अपनापन और मेहमाननवाजी देखी है, वह बहुत खास है। हमने महसूस किया है कि भारत के लोग कितने अच्छे, गर्मजोशी से स्वागत करने वाले और दिलदार हैं। जहां भी हम गए, हमें बहुत प्यार और सम्मान मिला।
सिखुलिले ने कहा कि सच कहूं तो दक्षिण अफ्रीका भी बिल्कुल ऐसा ही है। अगर आप दक्षिण अफ्रीका आएंगे, तो हम आपको जरूर आमंत्रित करते हैं। वहां आपको खुले दिल से स्वागत करने वाले लोग मिलेंगे, मुस्कुराते चेहरे मिलेंगे और शुरुआत से लेकर आपकी वापसी तक आपको भरपूर प्यार और सम्मान मिलेगा।
मुझे पूरा विश्वास है कि जब आप दक्षिण अफ्रीका आएंगे, तो आपका वापस जाने का मन नहीं करेगा, क्योंकि वहां के लोग आपको इतना स्नेह और अपनापन देंगे कि वह अनुभव आपको हमेशा याद रहेगा।