एनडीए और सीडीएस परीक्षा देने पहुंच रहे उम्मीदवार: सूरत

सूरत, गुजरात में यूपीएससी एनडीए और सीडीएस-II की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। शहर में परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1,242 उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं।;

By :  IANS
Update: 2026-09-13 07:32 GMT

सूरत, गुजरात में यूपीएससी एनडीए और सीडीएस-II की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। शहर में परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1,242 उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिल रही है। कोई महीनों की तैयारी के बाद परीक्षा देने पहुंचा, तो किसी ने अपने मजबूत विषयों पर भरोसा करते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

एनडीए परीक्षा देने पहुंचीं अदिति आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि वह पिछले करीब पांच महीने से परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की है और बोर्ड परीक्षा के बाद एनडीए की तैयारी शुरू की। अदिति ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब से पढ़ाई की है। परीक्षा को लेकर उनकी रणनीति भी पहले से तैयार है।

अदिति ने बताया कि वह मैथ्स के सवालों के साथ ओएमआर भरने को आखिरी समय के लिए नहीं छोड़ना चाहतीं। उनकी कोशिश रहेगी कि पहले सवाल हल करें और उसके बाद ओएमआर शीट पर जवाब मार्क करती जाएं, ताकि परीक्षा के अंत में किसी तरह की जल्दबाजी न हो।

वहीं, एनडीए अभ्यर्थी देव वर्मा ने बताया कि उनकी तैयारी करीब एक साल से चल रही थी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान टाइम मैनेजमेंट और आने वाले सवालों को सही तरीके से हल करने पर रहेगा। देव पीसीएम के छात्र हैं, इसलिए उनका मैथ्स पर ज्यादा फोकस रहेगा। इसके अलावा उन्होंने अंग्रेजी, राजनीति और इतिहास जैसे विषयों की भी तैयारी की है।

देव ने बताया कि अपनी तैयारी के लिए उन्होंने ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह के बैच लिए और इसके साथ सेल्फ स्टडी पर भी काफी ध्यान दिया। उनका कहना है कि परीक्षा में जितना आता है, उसे अच्छे से लिखना और नकारात्मक अंकन से बचते हुए समय का सही इस्तेमाल करना जरूरी है।

सीडीएस-II परीक्षा देने पहुंचीं जागृति ने बताया कि इस बार उनका सबसे ज्यादा फोकस अंग्रेजी पर रहेगा। उन्होंने कहा कि जीएस का पूरा सिलेबस कवर नहीं कर पाईं, लेकिन परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगी। जागृति ने बताया कि वो पहले एनडीए की परीक्षा भी दे चुकी हैं। उनके मुताबिक पिछली बार तैयारी में कुछ कमी रह गई थी, जिसकी वजह से वह सफल नहीं हो पाईं।

वहीं वंदना ने बताया कि उन्होंने सीडीएस-II के लिए बेसिक सिलेबस को फॉलो किया है और करंट अफेयर्स की भी तैयारी की है। उनका कहना है कि अंग्रेजी पर थोड़ा ज्यादा ध्यान दिया है और इसके बाद जीएस तथा करंट अफेयर्स को तैयार किया है।

Tags:    

Similar News