मोदी एकता दिवस पर सीप्लेन सेवा की शुरूआत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे;

Update: 2020-10-29 07:53 GMT

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी से अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट तक सी-प्लेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।

श्री मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे , एकता शपथ दिलायेंगे तथा एकता दिवस परेड देखेंगे। वह केवड़िया से अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट को जोड़ने वाली सी-प्लेन सेवा का उद्घाटन करेंगे और खुद इसमें उडान भरेंगे।

प्रधानमंत्री केवड़िया से ही मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अकादमी में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षुओं को भी वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से संबोधित करेंगे। यह 2019 में शुरू किये गये एकीकृत फाउंडेशन कोर्स ‘आरंभ’ का हिस्सा है।

श्री मोदी शुक्रवार और शनिवार को केवड़िया के एकीकृत विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लिए एकता क्रूज सेवा, एकता माॅल और बाल पोषण पार्क आदि का उद्घाटन शामिल है। वह यूनिटी ग्लो गार्डन में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की वेबसाइट की संयुक्त राष्ट्र की सभी आधिकारिक भाषाओं में शुरूआत भी करेंगे और केवड़िया ऐप भी लांच करेंगे।

Full View

Tags:    

Similar News