इमरान खान को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने निजी अस्पताल में शिफ्ट करने का दिया आदेश

PTI प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। उन्हें 16 सितंबर तक अस्पताल में रखने की बात कही गई है। अदालत ने इस दौरान उनकी नियमित चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।;

Update: 2026-08-18 10:05 GMT

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को उनकी सेहत को लेकर चल रही चिंताओं के बीच बड़ी राहत मिली है। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जेल से निजी अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है। अदालत का यह फैसला PTI और इमरान खान के परिवार की उस मांग के बाद आया है, जिसमें जेल में उनकी चिकित्सा स्थिति को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही थी। पिछले हफ्ते इमरान खान की मौत की अफवाह उड़ी थी।

PTI प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को 48 घंटे के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। उन्हें 16 सितंबर तक अस्पताल में रखने की बात कही गई है। अदालत ने इस दौरान उनकी नियमित चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

मेडिकल बोर्ड करेगा स्वास्थ्य की जांच

सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत आकलन करने के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है। इस बोर्ड में PTI नेता के निजी डॉक्टर के साथ उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाएगा। अदालत के निर्देश का उद्देश्य इमरान खान की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति का स्वतंत्र और विस्तृत चिकित्सकीय मूल्यांकन कराना है। लंबे समय से जेल में बंद इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर उनके परिवार और पार्टी की ओर से कई बार सवाल उठाए गए हैं।

परिवार से हर हफ्ते मुलाकात की अनुमति

अदालत ने इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच साप्ताहिक मुलाकात की भी अनुमति दी है। इससे उनके परिवार को नियमित तौर पर उनकी स्थिति जानने और उनसे मिलने का अवसर मिलेगा। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कुछ शर्तें भी रखी हैं। इमरान खान के वकीलों और परिवार के सदस्यों को उनकी मेडिकल रिपोर्ट मीडिया के साथ साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है। अदालत ने यह भी कहा है कि स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले को राजनीतिक मुद्दा न बनाया जाए।

अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। पाकिस्तान में सत्ता से बेदखल होने के बाद से वह कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं और विभिन्न मामलों में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। इमरान खान और उनकी पार्टी इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताते रहे हैं। उनका कहना है कि 2022 में प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद उनके खिलाफ मामले राजनीतिक वजहों से दर्ज किए गए।

दाहिनी आंख की रोशनी को लेकर चिंता

इमरान खान की सेहत को लेकर उनके परिवार और समर्थक पिछले वर्ष से लगातार चिंता जताते रहे हैं। उनके वकीलों का दावा है कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी प्रभावित हुई है। PTI की ओर से समय-समय पर इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जाती रही है। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें निजी अस्पताल में उपचार मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी जताई थी चिंता

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी भी इमरान खान की मेडिकल स्थिति पर चिंता जता चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया था कि उन्होंने इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट देखी हैं और वे उन्हें चिंताजनक लगीं। अल्वी ने इमरान खान में बेचैनी और तनाव, तेज दिल की धड़कन और हाई ब्लड प्रेशर जैसी स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का उल्लेख किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि लंबे समय तक जेल में रहने और अलगाव की स्थिति का उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति पर असर पड़ सकता है।

Tags:    

Similar News