फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट की बहादुरी को अमेरिकी संसद का सलाम, स्मित मच्छर के सम्मान में प्रस्ताव पास

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कुछ यात्री कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की।;

Update: 2026-10-07 06:59 GMT

वॉशिंगटन : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई गंभीर घटना के दौरान यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साहस को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने सम्मान दिया है। अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कैप्टन मच्छर की बहादुरी की सराहना करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में रिजर्व पायलटों, केबिन क्रू और उन यात्रियों की भी प्रशंसा की गई, जिन्होंने संकट की स्थिति में साहस दिखाया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग में मदद की।

तीन अमेरिकी सांसदों ने पेश किया प्रस्ताव

यह प्रस्ताव अमेरिकी सांसद जोश गाटहाइमर, डान बेकन और माइकल मैककाल की ओर से लाया गया था। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रतिनिधि सभा कैप्टन स्मित मच्छर को असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित करती है। साथ ही उन रिजर्व पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों की वीरता को भी सराहा गया, जिन्होंने कॉकपिट को सुरक्षित करने और विमान को सुरक्षित रूप से उतारने में मदद की। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने कैप्टन मच्छर और घटना में घायल अन्य लोगों के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की।

पायलट पर हमले की कड़ी निंदा

प्रस्ताव में फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के पायलट पर हुए हमले की कड़ी निंदा की गई है। इसे अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा और आतंकी घटना के तौर पर बताया गया। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सरकारों से घटना की तेज और गहन जांच करने की मांग की। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि जांच से जुड़ी पूरी जानकारी अमेरिका और इजरायल के साथ साझा की जानी चाहिए।

30 सितंबर को विमान में हुआ था हमला

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कुछ यात्री कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के ताबुक ले जाया गया। वहां कैप्टन मच्छर को प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता दी गई। बाद में उन्हें संयुक्त अरब अमीरात ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी रहा।

डेंटिस्ट ने 45 मिनट तक संभाला मोर्चा

घटना के दौरान विमान में मौजूद डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसेव ने घायल पायलट की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि चीखने की आवाज सुनने के बाद वह कॉकपिट पहुंचे, जहां कैप्टन मच्छर घायल अवस्था में पड़े थे। मुसेव ने तुरंत खून रोकने की कोशिश शुरू की और कैप्टन को होश में रखने के लिए लगातार उनसे बातचीत करते रहे। उनके मुताबिक, कैप्टन के सिर और बाएं हाथ पर गंभीर घाव थे। उन्होंने कपड़े से घावों पर दबाव बनाया और क्रू से बर्फ मंगाकर करीब 45 मिनट तक उपचार में मदद की।

परिवार की बात कर पायलट को हिम्मत दी

डॉ. मुसेव ने कैप्टन मच्छर को होश में रखने के लिए उनसे उनके परिवार और बच्चों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कैप्टन से उनके बच्चों की संख्या और नाम पूछे तथा भरोसा दिलाया कि वह जल्द अपने परिवार के पास पहुंच जाएंगे। मुसेव के अनुसार, एक समय कैप्टन की नब्ज काफी धीमी हो गई थी। उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश की और क्रू को विमान को जल्द उतारने की जरूरत बताई। कैप्टन ने दर्द कम करने के लिए दवा मांगी, लेकिन ज्यादा रक्तस्राव को देखते हुए मुसेव ने उन्हें दवा देने से परहेज किया।

को-पायलट पर हमले का आरोप

संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने 3 अक्टूबर को बताया कि कैप्टन मच्छर पर हमला करने वाला व्यक्ति को-पायलट हमामी था। शुरुआती यात्री जानकारी में हमले के लिए चाकू का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में UAE सरकार ने विमान में आपात स्थिति के लिए रखी जाने वाली कुल्हाड़ी के इस्तेमाल की जानकारी दी। विमान में ऐसी कुल्हाड़ी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए रखी जाती है। इसका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर विमान के किसी हिस्से तक पहुंच बनाने या फंसे लोगों को निकालने के लिए किया जा सकता है।

यात्रियों ने हमलावर को किया काबू

हमले के बाद यात्रियों ने भी असाधारण साहस दिखाया। उन्होंने हमलावर को काबू करने के बाद हेडफोन की तार की मदद से उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से ताबुक ले जाया गया। पूरी घटना में पायलट, क्रू, यात्रियों और विमान में मौजूद डॉ. मुसेव की भूमिका को अब अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने भी सराहा है। कैप्टन स्मित मच्छर को दिया गया यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उस साहस की पहचान है, जिसने संकट की घड़ी में विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद की।

Tags:    

Similar News