तेलंगाना में ट्रक संचालकों की हड़ताल समाप्त

हैदराबाद ! ट्रक संचालकों ने यहां शुक्रवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी।;

Update: 2017-04-08 05:08 GMT

हैदराबाद !  ट्रक संचालकों ने यहां शुक्रवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी।

राज्य सरकार और तेलंगाना लॉरी ओनर्स एसोसिएशन के बीच हुई बातचीत से यह संभव हो पाया।

एसोसिएशन के नेताओं ने घोषणा की कि चूंकि सरकार ने राज्यस्तर पर मांग के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, लिहाजा उन्होंने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।

परिवहन मंत्री महेंद्र रेड्डी ने दूसरे दौर की बातचीत के बाद संवाददाताओं से कहा कि ट्रक मालिकों के सामने मौजूद समस्याओं को सुलझाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ट्रकों को खड़ा करने के लिए हैदराबाद के बाहर जमीन मुहैया कराई जाएगी। पेद्दमबरपेट में 9.37 एकड़ भूमि इस काम के लिए परिवहन विभाग को सौंपी जाएगी।

शहर के बाहर अन्य दो स्थानों पर भी भूमि इस काम के लिए आवंटित की जाएगी।

उन्होंने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि सरकार राष्ट्रीय स्तर के परमिट संबंधित मुद्दे पर बात करेगी और एक परमिट के लिए आंध्र प्रदेश सरकार के साथ वार्ता करेगी।

मंत्री ने जांच चौकियों के आधुनिकीकरण के लिए कदम उठाने का भी वादा किया।

सरकार ने अन्य मांगों से निपटने के लिए एक पांच सदस्यीय समिति भी गठित की है।

विधायक श्रीनिवास गौड़, परिवहन विभाग के अधिकारियों और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी बातचीत में हिस्सा लिया।

एसोसिएशन के नेता, भास्कर रेड्डी ने कहा कि ट्रक राज्य में चलने लगेंगे, लेकिन वे आठ अप्रैल से प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर की हड़ताल का समर्थन करेंगे।

गौरतलब है कि तेलंगाना में दो लाख से अधिक ट्रक नौ दिनों से हड़ताल पर हैं, जिसके कारण सामानों की ढुलाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। हड़ताल के कारण आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की आपूर्ति पर असर पड़ने लगा है।

ट्रक संचालक विभिन्न मांगों के समर्थन में साउद इंडिया मोटर ट्रांस्पोर्ट एसोसिएशन (एसआईएमटीए) के आह्वान पर हड़ताल पर थे।

Tags:    

Similar News