वैश्विक हालात से चिंतित नहीं है सरकार:पीयूष
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि सरकार व्यापार युद्ध के मौजूदा दौर में वैश्विक हालात को लेकर चिंतित नहीं हैं क्योंकि इन मुद्दों को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
नई दिल्ली । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि सरकार व्यापार युद्ध के मौजूदा दौर में वैश्विक हालात को लेकर चिंतित नहीं हैं क्योंकि इन मुद्दों को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
गोयल ने यहां इंडिया एनर्जी फोरम 2019 के तीसरे संस्करण में भाग लेते हुए कहा कि ऐसे समय में जब कुछ देश सब्सिडी दे रहे हैं और उद्योगों के बीच गैर वाजिब व्यापार एवं प्रतिस्पर्धा के माहौल को बढ़ावा दे रहे हैं, वैश्विक स्तर पर विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि विश्व भर में अपेक्षाकृत ज्यादा संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाए और इसके साथ ही संपत्ति सृजन के अपेक्षाकृत अधिक वितरित स्रोत हों। इस अवसर पर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह और कोयला एवं खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मौजूद थे।
गोयल ने कहा कि मुक्त व्यापार की जरूरत है, लेकिन इसके साथ ही तटस्थ व्यापार की अपेक्षाकृत अधिक जरूरत है, क्योंकि यह सभी देशों के हित में होगा। उन्होंने कहा कि भारत विश्व व्यापार की नयी गतिशीलता का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि बहुपक्षवाद प्रबल होगा और भारत सभी तरह के गैर-वाजिब व्यापारिक तौर-तरीकों को समाप्त करने के लिए ईमानदारी के साथ किए जा रहे समस्त निष्पक्ष वैश्विक प्रयासों का समर्थन करता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत आगे भी उन सभी देशों का समर्थन करना जारी रखेगा जो अपने यहां विनिर्माण की पैठ फिर से मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं।