चुनावी रंजिश को लेकर फायरिंग, मंत्री समर्थकों पर फायरिंग का आरोप
वर्चस्व की लड़ाई में निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी पर एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी
By : देशबन्धु
Update: 2022-11-21 04:12 GMT
- गजेन्द्र इंगले
ग्वालियर। वर्चस्व की लड़ाई में निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी पर एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए हैं जिनमे निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी पंजाब सिंह यादव सहित उसका भाई और भतीजा शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला ग्वालियर के रमटापुरा क्षेत्र का है। पंजाब सिंह के परिजन का कहना है कि हमलावर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के समर्थक हैं। फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्वालियर थाना क्षेत्र के रमटापुरा में रहने वाले पंजाब यादव ने नगरीय निकाय चुनाव में वार्ड 14 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी पद पर चुनाव लड़ा था, जो हार गया था। आज सुबह पंजाब टहलने निकला था तभी पड़ौस में रहने वाले रजनीश शर्मा ने हथियारों से लैस होकर एक दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ मिलकर पंजाब पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस बीच पंजाब पर फायरिंग होती देख छोटा भाई रामलखन और भतीजा गिर्राज भी मौके पर पहुंच गए, पंजाब को बचाने का प्रयास किया लेकिन सभी फायरिंग का शिकार हो गए। इस हमले में पंजाब यादव छोटा भाई रामलखान और भतीजा गिर्राज गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। सभी हमलावर एक ही परिवार के लोग बताए जा रहे हैं। हमले की वजह क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। पंजाब सिंह के परिजन का कहना है कि हमलावर ऊर्जा मंत्री के समर्थक हैं।
इससे पहले पंजाब पर फायरिंग होती देख स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने बीच बचाव का प्रयास भी किया। फिलहाल घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।