यूपी में बारिश का तांडव, 56 की मौत और 1000 से ज्यादा घर ढहे; आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से 56 लोगों की मौत और 1000 से ज्यादा घर ढहने की जानकारी है। जानें यूपी, दिल्ली, बिहार और पहाड़ी राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम।;
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन कमजोर होकर अब कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। वहीं बंगाल की खाड़ी में भी एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर दोबारा सक्रिय हो सकता है।
यूपी में फिलहाल भारी बारिश से राहत के संकेत
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी अत्यधिक बारिश के बाद रविवार को कुछ राहत मिली। हालांकि लगातार बारिश और उत्तराखंड में हुई भारी वर्षा के कारण कई जिलों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बारिश कराने वाला सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और सुबह करीब 5:30 बजे कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। इसके चलते फिलहाल उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान ज्यादा बारिश की संभावना नहीं बताई गई है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने आगे फिर बदलाव के संकेत दिए हैं। म्यांमार के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली-NCR के आसपास भी एक सिस्टम बनने की बात कही गई है, जिससे पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर बारिश का एक और दौर आ सकता है।
दिल्ली में बादल, शाम को बूंदाबांदी के आसार
28 सितंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शाम तक कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 29 सितंबर को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 30 सितंबर से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बिहार में हल्की बारिश, तेज हवाओं का भी अनुमान
बिहार में 28 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 1 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में भारी बारिश का अलर्ट नहीं बताया गया है। लगातार बारिश के कारण राज्य में कृषि क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है।
पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा बरकरार
उत्तराखंड में 28 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ कई जगहों पर भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है। टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और देहरादून में भूस्खलन की आशंका जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, जम्मू, पहलगाम और बारामूला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।