जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में देर रात सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के मजालता खुबन इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।;

Update: 2026-09-17 03:13 GMT
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यह मुठभेड़ मजालता तहसील के पहाड़ी इलाके में रामकोट-बिलावर मार्ग के पास खुबन क्षेत्र में चल रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और तलाशी अभियान जारी है।

सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि, अभी तक सुरक्षा बलों या पुलिस की ओर से आतंकियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद भी इलाके में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम सुरक्षा बलों को मजालता तहसील मुख्यालय से रामकोट-बिलावर मार्ग पर खुबन इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

देर रात तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों का संदिग्ध आतंकियों से सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा बलों की ओर से जवाबी कार्रवाई करते हुए रॉकेट भी दागे जाने की जानकारी सामने आई है।

दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना, शव की तलाश जारी

सूत्रों का दावा है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए हैं। हालांकि, अभी तक उनके शव बरामद नहीं हुए हैं। यही वजह है कि पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बल किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे इलाके में सघन तलाशी कर रहे हैं। आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस, SOG और अन्य सुरक्षा बल ऑपरेशन में शामिल

मुठभेड़ और तलाशी अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें शामिल हैं। इलाके में ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है, ताकि छिपे हुए आतंकियों या संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ समय से खुबन इलाके में 7 से 8 आतंकियों की संभावित मौजूदगी से जुड़ी अपुष्ट सूचनाएं मिल रही थीं। हालांकि, इन सूचनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घेराबंदी के बीच जारी है सर्च ऑपरेशन

फिलहाल सुरक्षा बलों ने खुबन और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कड़ी कर दी है। अधिकारियों की प्राथमिकता इलाके में छिपे किसी भी आतंकी की मौजूदगी का पता लगाना और ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से पूरा करना है।

मुठभेड़ को लेकर आगे की तस्वीर सुरक्षा बलों और पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट होगी। 

Tags:    

Similar News