'नफरत, हिंसा और अन्याय नहीं, साहस हमेशा विजयी होता है'अमेरिका-ईरान सीजफायर पर प्रियंका गांधी का बड़ा बयान
अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम का फैसला लिया गया है। इस पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रिएक्ट किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि नफरत, हिंसा और अन्याय नहीं, साहस हमेशा जीतता है।
नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर का ऐलान हो गया है। इसी के साथ करीब 40 दिनों से जारी जंग के बाद छंटते दिख रहे हैं। यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार देर रात ईरान पर बड़े हमलों की अपनी धमकी से पीछे हटते हुए तनाव कम करने का रुख दिखाया।
यह फैसला उन्होंने तेहरान को समझौते के लिए दी गई तय समयसीमा खत्म होने से लगभग दो घंटे पहले लिया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान दो सप्ताह के संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं, लिहाजा वह ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमले की अपनी योजना फिलहाल टाल रहे हैं।
ईरान-यूएस में दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान
ट्रंप ने आगे कहा कि इस संघर्ष विराम में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है। उधर अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि नफरत, गुस्सा, हिंसा और अन्याय कभी नहीं जीतते। हमेशा साहस ही विजयी होता है।
प्रियंका गांधी बोलीं- साहस हमेशा जीतता हैप्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार सुबह एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'ईरानी पुरुषों और महिलाओं ने अपने देश के संसाधनों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाई, जबकि पश्चिमी ताकतों ने एक घिनौनी भाषा का इस्तेमाल करते हुए "एक सभ्यता के अंत" की घोषणा की। दुनिया देख रही है और समझ रही है कि कैसे पश्चिम के चेहरे से नैतिकता का नकाब उतर रहा है। नफरत, गुस्सा, हिंसा और अन्याय कभी नहीं जीतते। साहस हमेशा जीतता है।'
Iranian men and women formed human chains around their country’s resources while western powers spoke in a despicable language, heralding the “end of a civilization”.
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 8, 2026
The world is watching and understanding as the veil of morality falls from across the face of the west.…
सीजफायर से पहले राहुल गांधी ने किया था ये ट्वीट
ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर से पहले जिस तरह से ट्रंप ने एक सभ्यता के अंत की धमकी दी थी उस पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने करारा रिएक्ट किया था। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, 'युद्ध दुखद होते हैं, फिर भी वो एक सच्चाई है। कोई भी भाषा या काम जो सभ्यता के अंत के बारे में सोचता हो, आज की दुनिया में मंजूर नहीं है। न्यूक्लियर हथियारों का इस्तेमाल कभी भी सही नहीं ठहराया जा सकता, किसी भी हालत में।'
युद्धविराम तो हो गया लेकिन होर्मुज पर ईरान ने कही बड़ी बात
उधर, ट्रंप के सीजफायर का ऐलान किए जाने का समर्थन इजरायल ने भी किया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने भी माना कि उसने संघर्षविराम को स्वीकार कर लिया है और वह शुक्रवार से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका से बातचीत करेगा। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि जहाजों के होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति ईरानी सैन्य प्रबंधन के तहत दी जाएगी।