संसद में हंगामा जारी, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित; अमित शाह पेश करेंगे दो अहम विधेयक

संसद के मानसून सत्र के 17वें दिन हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई। अमित शाह दो अहम विधेयक पेश करेंगे।;

Update: 2026-08-11 05:57 GMT
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 17वें दिन मंगलवार को भी हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित रही। विपक्षी सांसदों के विरोध और नारेबाजी के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी। इस बीच सरकार की ओर से लोकसभा में दो महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026
 को सदन में विचार और पारित कराने के लिए पेश करेंगे।

लोकसभा में हंगामे के बाद दो बजे तक कार्यवाही स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध शुरू कर दिया। लगातार नारेबाजी और हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की।

ओम बिरला ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसदों से कहा कि सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और बहस होनी चाहिए। उन्होंने बार-बार हंगामा कर कार्यवाही बाधित किए जाने को लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत बताया। इसके बावजूद स्थिति सामान्य नहीं होने पर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

अमित शाह पेश करेंगे दो महत्वपूर्ण विधेयक

मंगलवार के एजेंडे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दो अहम विधेयकों को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है। इनमें केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।

राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम से संबंधित विधेयक के जरिए राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम अधिनियम, 1962 में आवश्यक संशोधन किए जाने हैं। विधेयक में विभिन्न प्रावधानों और संबंधित अनुसूचियों में बदलाव का प्रस्ताव भी शामिल है।

सोमवार को भी हंगामे के बीच पेश हुए चार बिल

संसद में सोमवार को भी भारी हंगामे के बीच सरकार ने कई विधेयक पेश किए थे। इनमें ट्रिब्यूनल सुधार विधेयक, 2026, खनन और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026, केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक। 2026 प्रमुख हैं।

राज्यसभा में भी नहीं थमा विरोध

वहीं, राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। विरोध के बीच सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

मानसून सत्र के अंतिम दिनों में सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज पूरा कराने की तैयारी में है। हालांकि विपक्ष के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म होता है या हंगामा जारी रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Tags:    

Similar News