दिल्ली में आज ट्रैफिक पर बड़ा असर, लुटियंस दिल्ली और ITO में गाड़ियों पर पाबंदी; ये रास्ते रहेंगे डायवर्ट
दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन, भारत-अफगानिस्तान T20 मैच और UPSC NDA/CDS परीक्षा के चलते 13 सितंबर को ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। ITO, लुटियंस दिल्ली और कई मार्ग प्रभावित होंगे।;
इन आयोजनों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने और लोगों को संभावित जाम से बचाने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं।
सुबह 8 से रात 8 बजे तक VVIP मूवमेंट
विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों के काफिलों की आवाजाही को देखते हुए नियंत्रित क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। सेंट्रल दिल्ली, भारत मंडपम यानी प्रगति मैदान, लुटियंस दिल्ली और रिंग रोड से जुड़े प्रमुख कॉरिडोर में VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका या वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है।
ऐसे में इन इलाकों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
NDA-CDS परीक्षार्थियों के लिए खास निर्देश
UPSC NDA और CDS परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सुबह 6 बजे से ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने केंद्र तक पहुंच सकें।
लुटियंस या सेंट्रल दिल्ली स्थित परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले अभ्यर्थियों को अपना e-Admit Card और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा। चेकिंग के दौरान दस्तावेज दिखाने पर उन्हें आगे जाने की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को ड्यूटी लेटर या आधिकारिक पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है।
भारत-अफगानिस्तान मैच से ITO में बढ़ेगा दबाव
अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से भारत और अफगानिस्तान के बीच T20 मुकाबला होना है। इसके कारण ITO, दिल्ली गेट और बहादुर शाह जफर मार्ग के आसपास ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है।
दिल्ली पुलिस ने दर्शकों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी है। निजी वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। कैब से आने वाले दर्शकों को निर्धारित पिकअप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट का इस्तेमाल करना होगा। मैच से कोई संबंध नहीं रखने वाले लोगों को ITO चौक, बहादुर शाह जफर मार्ग और स्टेडियम के आसपास के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वाले रखें अतिरिक्त समय
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एयरपोर्ट या नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री कम से कम 1 से 2 घंटे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। किसी भी ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क किया जा सकता है।