दिल्ली में शराब की दुकानों का समय बदला, अब रात 8 बजे तक ही होगी बिक्री; सीजेपी प्रदर्शन के बीच प्रशासन का फैसला
दिल्ली में सुरक्षा कारणों से शराब की दुकानों का समय बदला। अब सप्ताहांत तक सभी सरकारी शराब की दुकानें रात 8 बजे बंद होंगी। CJP प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने लिया फैसला।;
सुरक्षा इनपुट के बाद लिया गया फैसला
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को भी कई शराब की दुकानों को बिना पूर्व सूचना के निर्धारित समय से पहले बंद कराया गया था। इसके चलते कई ग्राहकों को खरीदारी किए बिना लौटना पड़ा। अब आबकारी विभाग ने सप्ताहांत तक सभी दुकानों को रात 8 बजे बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह कदम पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर उठाया गया है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
दिल्ली में 725 से अधिक सरकारी शराब की दुकानें
वर्तमान में दिल्ली में 725 से अधिक रिटेल शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। सितंबर 2022 में पुरानी आबकारी नीति लागू होने के बाद निजी शराब ठेकों का संचालन बंद कर दिया गया था। फिलहाल राजधानी में शराब की बिक्री विभिन्न सरकारी निगमों के माध्यम से की जाती है।
इनमें दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC), दिल्ली स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड (DSCSC) और दिल्ली कंज्यूमर्स कोऑपरेटिव होलसेल स्टोर (DCCWS) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रदर्शन के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
मध्य दिल्ली के जंतर-मंतर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है और बैरिकेडिंग भी बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शनकारी परीक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों को परेशानी
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के कई प्रमुख स्टेशनों पर भी पिछले कुछ दिनों से प्रवेश और निकास पर प्रतिबंध लगाया गया है। राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, आईटीओ, पटेल चौक समेत कई स्टेशनों पर सेवाएं प्रभावित होने से हजारों यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
इसके अलावा, कुछ शैक्षणिक संस्थानों में एहतियात के तौर पर हाइब्रिड क्लास संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें अनावश्यक यात्रा से बचाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा हालात सामान्य होने के बाद दुकानों के संचालन समय और अन्य प्रतिबंधों पर पुनर्विचार किया जाएगा।