राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, अभिषेक मनु सिंघवी और फूलो देवी समेत इन नेताओं को मिला टिकट
कांग्रेस ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से फिर नामित किया गया है, साथ ही वेम नरेंद्र रेड्डी भी उम्मीदवार हैं।
नई दिल्ली। कांग्रेस ने राज्यसभा की द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। लिस्ट में कई बड़े और अनुभवी नाम शामिल हैं। पार्टी ने तेलंगाना से कांग्रेस ने दो नामों की घोषणा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को फिर से नामित किया गया है। सिंघवी पहले भी राज्य सभा सदस्य रह चुके हैं।
दूसरे उम्मीदवार वेम नरेंद्र रेड्डी हैं। वह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी सलाहकार हैं। उनकी निकटता और राज्य में पार्टी की मजबूती को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दोनों उम्मीदवार 16 मार्च को होने वाले चुनाव में तेलंगाना की दो सीटों के लिए लड़ेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि इन दोनों को आसानी से जीत मिलेगी।
The Congress President Shri @kharge, has approved the proposal for the candidature of the following persons to contest the Rajya Sabha elections as Congress candidates from the states mentioned against their names: pic.twitter.com/5rjufZqpEX
— Congress (@INCIndia) March 5, 2026
छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल से कौन?
छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार बनाया गया है। वे पार्टी की अनुभवी नेता हैं और राज्य में आदिवासी समुदाय के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनकी उम्मीदवारी से पार्टी आदिवासी वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया गया है। वे दलित समुदाय से आते हैं और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को चुना गया है। वे पार्टी के युवा चेहरों में से एक हैं और राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार बनाया गया है। वे राज्य में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं और दक्षिण भारत में कांग्रेस की उपस्थिति को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
ये चुनाव 16 मार्च को होने हैं और इनमें कई राज्यों की कुल 37 सीटें दांव पर हैं।