टॉयलेट के बहाने अकेली महिला के फ्लैट में घुसकर डिलीवरी बॉय ने की गंदी हरकत, गिरफ्तार

बेंगलुरु में महिला की शिकायत पर गंदी हरकत के आरोप में एक डिलीवरी एजेंट को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच जारी है और संबंधित कंपनी ने आरोपी की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।;

Update: 2026-07-12 11:59 GMT

बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक महिला के फ्लैट में टायलेट के बहाने घुसकर गंदी हरकत करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी डिलीवरी एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया कि एक डिलीवरी एजेंट जबरन उसके फ्लैट में घुस आया और शौचालय का उपयोग करने के बाद उसके साथ अशोभनीय हरकत की।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हरकत में आई पुलिस

महिला के अनुसार, एजेंट पार्सल देने के बाद शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने लगा। उसने कई बार मना किया और पड़ोसियों से सहायता लेने का सुझाव भी दिया, लेकिन आरोपी कथित तौर पर उसकी इच्छा के विरुद्ध घर में दाखिल हो गया। महिला ने बताया कि इस घटना से वह बेहद आहत और असुरक्षित महसूस कर रही है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़िता से संपर्क कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

आरोपी गिरफ्तार, कंपनी ने सेवा समाप्त की

पुलिस ने आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामत को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने बयान जारी कर कहा कि आरोपी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। कंपनी ने पीड़िता को हरसंभव सहयोग देने और जांच एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

कंपनी ने यह भी कहा कि सभी डिलीवरी साझेदारों का पृष्ठभूमि सत्यापन और प्रशिक्षण कराया जाता है, लेकिन इस प्रकार की किसी भी घटना को स्वीकार नहीं किया जा सकता। ग्राहक सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

यह घटना एक बार फिर घर-घर सेवा देने वाले कर्मियों के सत्यापन और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ले आई है।

Tags:    

Similar News