E20 पेट्रोल के खिलाफ अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान, प्रधानमंत्री आवास तक मार्च की घोषणा; रखीं तीन प्रमुख मांगें

अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल नीति के विरोध में पीएम आवास मार्च का ऐलान किया। उन्होंने E20 और सामान्य पेट्रोल का विकल्प, पेट्रोल की कीमत घटाने और सरकार की स्टडी रिपोर्ट सार्वजनिक करने समेत तीन प्रमुख मांगें रखीं।;

Update: 2026-08-01 10:13 GMT

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 ईंधन नीति के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक टाउन हॉल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि वह लगभग 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास तक जाएंगे और सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे।

उन्होंने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि मार्च में वही लोग शामिल हों जो किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हों।

E20 को लेकर सरकार के सामने रखीं तीन मांगें

कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने E20 ईंधन नीति पर केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले देश के सभी पेट्रोल पंपों पर लोगों को E20 पेट्रोल और सामान्य (शुद्ध) पेट्रोल के बीच विकल्प दिया जाना चाहिए।

दूसरी मांग के तहत उन्होंने E20 पेट्रोल की कीमत कम करने और सामान्य पेट्रोल के दाम घटाने की बात कही। उनका कहना था कि पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम होनी चाहिए।

तीसरी मांग में उन्होंने केंद्र सरकार से उस अध्ययन (स्टडी) को सार्वजनिक करने की अपील की, जिसके आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि E20 ईंधन से वाहनों को कोई नुकसान नहीं होता।

रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

केजरीवाल ने कहा कि सरकार लगातार दावा कर रही है कि E20 पेट्रोल पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन अब तक संबंधित अध्ययन को सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास वैज्ञानिक रिपोर्ट मौजूद है तो उसे देश के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि वाहन मालिक तथ्यों के आधार पर निर्णय ले सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरत रही है और आम लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।

लोगों से वीडियो साझा करने की अपील

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें E20 ईंधन के इस्तेमाल से किसी प्रकार की परेशानी हुई है तो वे उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें और उन्हें टैग करें। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवों को सार्वजनिक मंच पर लाना जरूरी है ताकि सरकार इस विषय पर जवाब दे।

सरकार की नीति पर साधा निशाना

अपने संबोधन में केजरीवाल ने आरोप लगाया कि E20 नीति आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है। उन्होंने लोगों से फिलहाल पेट्रोल और डीजल वाहनों की खरीद को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की और कहा कि इस विषय पर व्यापक सार्वजनिक चर्चा होनी चाहिए।

अब E20 ईंधन को लेकर आम आदमी पार्टी और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक बहस तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, सरकार की ओर से इस मुद्दे पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Tags:    

Similar News