थ्रिलर फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में युगांडा के डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' की एंट्री

चेन्नई, मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की अपकमिंग एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' को लेकर नया अपडेट सामने आया है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-21 07:11 GMT

चेन्नई, मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की अपकमिंग एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' को लेकर नया अपडेट सामने आया है। नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर विष्णु मोहन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अब युगांडा का पॉपुलर डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' भी नजर आएगा। मोहनलाल ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।

मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर घेट्टो किड्स के साथ अपनी एक वीडियो क्लिप भी शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ''मुझे अपनी अपकमिंग फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में बेहद टैलेंटेड 'घेट्टो किड्स' को शामिल करके खुशी हो रही है। फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन कर रहे हैं और इसका निर्माण श्रीगोकुलम मूवीज के बैनर तले श्री गोकुलम गोपालन कर रहे हैं।''

वीडियो में मोहनलाल ने घेट्टो किड्स की तारीफ करते हुए कहा, ''मैंने अमेरिका में हुए वर्ल्ड कप फिनाले के दौरान शकीरा के साथ इस ग्रुप की परफॉर्मेंस देखी थी। बच्चों की एनर्जी और टैलेंट ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी थी। अब अपनी फिल्म में उनके साथ काम करने को लेकर मैं काफी खुश हूं।''

'ऑपरेशन गंगा' को पहले अस्थायी तौर पर 'एल367' नाम दिया गया था। बाद में इसका टाइटल बदलकर 'ऑपरेशन गंगा' रखा गया। यह नाम भारत सरकार के उस रेस्क्यू मिशन से जुड़ा है, जिसके तहत रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर हजारों छात्रों को सुरक्षित भारत वापस लाया गया था। फिल्म की टैगलाइन 'ए नेशन प्रॉमिस' है।

फिल्म में मोहनलाल और भाग्यश्री बोरसे के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल, पार्थिबन और आदिल हुसैन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन कर रहे हैं।

'ऑपरेशन गंगा' की टेक्निकल टीम में भी कई जाने-माने नाम शामिल हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक संभाल रहे हैं, जो 'पुष्पा' और 'पुष्पा 2' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वहीं, प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी राजीवन के पास है, जो 'गोट', 'मेयाझागन', 'अमरन' और 'कथनार' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं।

फिल्म के एक्शन सीक्वेंस सी यंग ओह कोरियोग्राफ करेंगे, जो 'धुरंधर' और 'किल' जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। वहीं, म्यूजिक की जिम्मेदारी शाश्वत सचदेव को दी गई है। फिल्म के एडिटर शमीर मोहम्मद और साउंड डिजाइनर बिश्वदीप चटर्जी हैं। बिश्वदीप 'धुरंधर', 'उरी', '3 इडियट्स' और 'पद्मावत' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

Tags:    

Similar News