सोशल मीडिया ट्रोलिंग को ऐसे हैंडल करते हैं अमिताभ बच्चन
मुंबई, सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग अब मशहूर हस्तियों (सेलेब्स) के जीवन का एक सामान्य हिस्सा बन चुकी है।;
मुंबई, सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग अब मशहूर हस्तियों (सेलेब्स) के जीवन का एक सामान्य हिस्सा बन चुकी है। चाहे कोई छोटा कलाकार हो या बड़ा, हर किसी को कभी न कभी इस स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसी बीच, महानायक अमिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और नकारात्मक टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में आए कंटेस्टेंट विनम्र ने अभिनेता से नेगेटिविटी से निपटने के लिए उनसे सलाह मांगी, तब अभिनेता ने बताया कि जेन जी के लिए आलोचनाओं को संभालना अक्सर मुश्किल हो जाता है। शो के दौरान विनम्र ने मेगास्टार से कहा, "मैं तो आपसे यह सवाल पूछना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर आप आलोचना को हैंडल कैसे करते हैं? जैसे मेरी ऐज ग्रुप के लोगों को क्रिटिसिज्म बिल्कुल हैंडल करना नहीं आता और नहीं हो पाता।"
अभिनेता ने बताया कि कैसे शुरुआत में वे सोशल मीडिया को अपने दिल की बात खुलकर कहने का एक जरिया मानते थे। उन्होंने आगे बताया कि यूजर्स के कमेंट्स पढ़ने के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया। अभिनेता ने बताया, "पहले हमने सोचा कि सोशल मीडिया पर हम बिना सोचे समझे दिल की बात बोल सकते हैं। उसके बाद, जब हमने इसके कमेंट पढ़ने शुरू किया, तो हमने भी इस तरह से लिखना बंद कर दिया।"
अभिनेता ने आगे बताया, "हमारे लिखे गए पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लोग 'अपने आप को क्या समझता है रे तू बुढ़ऊ... ऐसे क्यों बोल रहा है?' तो ऐसी-ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे देखकर बहुत अजीब लगता है और हमने अब इस तरह से लिखना ही छोड़ दिया।"
मेगास्टार ने अपनी बात को हल्के-फुल्के अंदाज में खत्म करते हुए कहा, "और भाईसाहब एक बात बताएं आपको? जब से कम लिखना कर दिया है, हमारे फॉलोअर्स बढ़ते चले जा रहे हैं।"
बिग बी की बात सुनकर पूरे स्टूडियो का माहौल बदल गया, सभी लोग अभिनेता की बात सुनकर हंसने लगे। बता दें, अमिताभ बच्चन ने साल 2008 में अपना पर्सनल ब्लॉग लिखना शुरू किया था और पिछले कई सालों से वे अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहे हैं।