मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद में मध्यस्थता की पहल की है। अभिनेता रणवीर सिंह के अचानक फिल्म से अलग होने के बाद निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर और रणवीर के बीच तनाव बढ़ गया था। मामला इतना आगे बढ़ा कि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन नोटिस भी जारी कर दिया। अब खबर है कि सलमान खान दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहे हैं।
सलमान खान ने निजी तौर पर की बातचीत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान के रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं। इसी वजह से उन्होंने इस विवाद को शांत कराने के लिए पहल की। बताया जा रहा है कि सलमान ने दोनों से अलग-अलग फोन पर बात की और पूरे मामले को समझने की कोशिश की। सूत्रों के अनुसार, सलमान ने दोनों पक्षों को समझाया कि बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट्स में रचनात्मक मतभेद होना आम बात है। ऐसे मामलों को व्यक्तिगत विवाद में बदलना इंडस्ट्री और भविष्य के पेशेवर रिश्तों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
फरहान को दी विवाद खत्म करने की सलाह
बताया जा रहा है कि सलमान खान ने फरहान अख्तर से खास तौर पर बातचीत करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में क्रिएटिव डिफरेंसेस अक्सर होते रहते हैं। उन्होंने सलाह दी कि इस मुद्दे को ज्यादा आगे बढ़ाने के बजाय आपसी बातचीत से हल निकालना बेहतर होगा। सलमान ने यह भी कहा कि किसी भी कलाकार या निर्माता के साथ लंबे समय तक रिश्ते बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि भविष्य में साथ काम करने की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं।
रणवीर और फरहान से आगे बढ़ने की अपील
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने रणवीर सिंह से भी बात की और उन्हें विवाद को पीछे छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने दोनों पक्षों से कहा कि जब मामला शांत हो जाए, तो वे भविष्य में फिर से साथ काम करने पर विचार करें। सलमान की इस पहल के बाद माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव कुछ कम हो सकता है। हालांकि अभी तक रणवीर सिंह, फरहान अख्तर या एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
‘डॉन 3’ के प्री-प्रोडक्शन में हुआ भारी खर्च
सूत्रों के अनुसार, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने ‘डॉन 3’ के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही बड़ी रकम खर्च कर दी थी। फिल्म की शुरुआती तैयारी, लोकेशन, शेड्यूलिंग और अन्य तकनीकी कामों में काफी निवेश किया गया था। ऐसे में रणवीर सिंह के अचानक फिल्म छोड़ने से कंपनी को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई। इसी कारण प्रोडक्शन हाउस की ओर से मुआवजे की मांग की गई थी। बताया जा रहा है कि यही विवाद आगे बढ़कर कानूनी और पेशेवर स्तर तक पहुंच गया।
रणवीर की नाराजगी की वजह
दूसरी ओर, रणवीर सिंह और उनकी टीम की सोच इस मामले में अलग बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर इस बात से नाराज थे कि उनके करियर के मुश्किल दौर में एक्सेल एंटरटेनमेंट दूसरे अभिनेताओं के विकल्प पर विचार कर रहा था। इंडस्ट्री में ऐसी चर्चाएं थीं कि फिल्म के लिए ऋतिक रोशन से भी संपर्क किया गया था। यह बात रणवीर की टीम को पसंद नहीं आई। एक करीबी सूत्र का कहना है कि रणवीर को लगा कि जब भरोसा पहले ही कमजोर हो चुका है, तो प्रोजेक्ट के साथ आगे बढ़ना सही नहीं होगा।
स्क्रिप्ट और निर्देशन को लेकर भी थे सवाल
खबरों के मुताबिक, रणवीर सिंह फिल्म की स्क्रिप्ट और प्रोजेक्ट की दिशा को लेकर भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। उनका मानना था कि फिल्म उस स्तर पर नहीं पहुंच रही थी, जिसकी उन्होंने उम्मीद की थी। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि रणवीर को लगा कि फरहान अख्तर का पूरा ध्यान इस प्रोजेक्ट पर केंद्रित नहीं था। हालांकि रणवीर की टीम का कहना है कि अभिनेता एक्सेल एंटरटेनमेंट को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने 10 करोड़ रुपये की राशि और भविष्य की किसी फिल्म में 25 करोड़ रुपये तक की फीस में छूट देने का प्रस्ताव भी रखा था। लेकिन बताया जा रहा है कि प्रोडक्शन हाउस नकद मुआवजे पर जोर दे रहा था।