रोहित शर्मा करिश्मा कपूर के साथ डांस कर बोले, मेरा दिन बन गया

मुंबई, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक सपना तब सच हो गया, जब उन्हें 90 के दशक की एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के साथ उनके मशहूर गाने 'ले गई ले गई' पर डांस करने का मौका मिला।;

By :  IANS
Update: 2026-10-24 07:32 GMT

मुंबई, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक सपना तब सच हो गया, जब उन्हें 90 के दशक की एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के साथ उनके मशहूर गाने 'ले गई ले गई' पर डांस करने का मौका मिला। गेम शो 'फैमिली फुल हाउस' के सेट पर दोनों की यह शानदार जुगलबंदी देखकर दर्शकों की भी पुरानी यादें ताजा हो गईं।

चैनल की ओर से जारी प्रोमो में रोहित और करिश्मा फिल्म 'दिल तो पागल है' के आइकॉनिक गीत पर थिरकते नजर आ रहे हैं। स्क्रीन पर दोनों की केमिस्ट्री और रोहित का उत्साह साफ दिखाई देता है।

करिश्मा के साथ डांस करने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए रोहित ने कहा, "हम फिल्म देखकर इन स्टेप्स की खूब नकल किया करते थे और आज मुझे खुद आपके साथ डांस करने का मौका मिल गया। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा दिन आएगा। सच कहूं तो मेरा दिन बन गया। बहुत मजा आया।"

वहीं, करिश्मा कपूर भी रोहित की मेजबानी की कायल नजर आईं। उन्होंने उनकी तारीफ करते हुए कहा, "रोहित शानदार होस्ट हैं। वह बेहद सहज हैं और उनकी शख्सियत में एक अलग ही आकर्षण है। मैदान पर तो वह कमाल करते ही हैं, लेकिन बतौर होस्ट भी उन्होंने सभी को प्रभावित किया।"

'ले गई ले गई' साल 1997 में रिलीज हुई यश चोपड़ा की सुपरहिट फिल्म 'दिल तो पागल है' का लोकप्रिय गीत है। आशा भोसले और उदित नारायण की आवाज से सजे इस गाने का संगीत उत्तम सिंह ने दिया था, जबकि बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे। इसकी कोरियोग्राफी मशहूर कोरियोग्राफर श्यामक डावर ने की थी।

90 के दशक में अपनी अदाकारी और चुलबुले अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली करिश्मा कपूर ने महज 15 साल की उम्र में बॉलीवुड में कदम रखा था। आज भी उनके गीत और फिल्में दर्शकों के बीच उसी उत्साह के साथ याद की जाती हैं, जिसका ताजा उदाहरण रोहित शर्मा के चेहरे पर दिखी वह खुशी है, जब उन्होंने अपनी पसंदीदा अभिनेत्री के साथ डांस फ्लोर साझा किया।

Tags:    

Similar News