अनुपम खेर के नाटक का यूएसए-कनाडा टूर स्टैंडिंग ओवेशन के साथ हुआ खत्म

मुंबई, अभिनेता अनुमप खेर इन दिनों अपनी पूरी टीम के साथ नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के यूएसए-कनाडा टूर पर हैं।;

By :  IANS
Update: 2026-10-13 06:41 GMT

मुंबई, अभिनेता अनुमप खेर इन दिनों अपनी पूरी टीम के साथ नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के यूएसए-कनाडा टूर पर हैं। अभिनेता ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने इस टूर का समापन कर लिया है। बोस्टन में हुए आखिरी शो के साथ इस टूर को शानदार विदाई मिली।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपने शो 'जाने पहचाने अनजाने' का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके शो की झलक और दर्शकों से मिल रहे स्टैंडिंग ओवेशन शामिल हैं। अभिनेता ने अपनी इस पोस्ट के जरिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने उन सर्टिफिकेट का भी जिक्र किया, जो उन्हें अपने शो की यात्रा के दौरान मिले।

अनुपम खेर ने लिखा, "और इसी के साथ हमारा यूएसए-कनाडा टूर हमारे नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' का सफर खत्म होता है। कल बोस्टन ने हमें शानदार विदाई दी थी। वहां पर हमारा क्या शानदार सफर रहा था। जबरदस्त सफलता और आप लोगों का प्यार तो नशे जैसा रहा। आपकी गर्मजोशी, तालियां, खड़े होकर सम्मान देना और जिस तरह आपने हमारे नाटक को अपनाया, उसने हमें ऐसी यादें दी है, जिन्हें हम जिंदगी भर याद रखेंगे।"

अभिनेता ने लिखा, "निजी तौर पर सर्टिफिकेट और सम्मान पत्रों के साथ जो सम्मान हमें मिला, वह शब्दों से परे और भावुक कर देने वाला है। आप में से इतने सारे लोगों से मिलना, हाथ मिलाना और आपका प्यार महसूस करना, इस सफर को और भी खास बना गया।"

दर्शकों की तरफ से मिले प्यार को लेकर अभिनेता ने लिखा, "हमारी पूरी टीम की तरफ से, हर एक दर्शक, सभी प्रमोटर्स और खास तौर पर हमारे नेशनल प्रमोटर राजिंदर सिंह को इस अविस्मरणीय सफर के लिए दिल से धन्यवाद। हम एक नाटक करने आए थे और आपके प्यार से भरे दिलों के साथ जा रहे हैं। फिर मिलेंगे अमेरिका और कनाडा, किसी और खूबसूरत नाटक के साथ, किसी और समय! ढेर सारा प्यार और शुक्रिया। जय हो। जय हिंद।"

'जाने पहचाने अनजाने' भावनाओं, प्रेम, हास्य और जीवन की सच्चाइयों का एक खूबसूरत मिश्रण है, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी करता है। भारत के प्रमुख शहरों (जैसे दिल्ली और मुंबई के एनसीपीए) में सफलता के बाद, यह नाटक वर्ष 2026 में अमेरिका और कनाडा के विभिन्न शहरों में भी मंचित किया गया है, जहां इसे दर्शकों की भरपूर सराहना मिली है।

Tags:    

Similar News