अजय देवगन ने खुद को दिया 1.40 करोड़ की लग्जरी कार का तोहफा, सितारों ने दी खास बधाई

अजय देवगन ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए खुद को मर्सिडीज-बेंज V-Class कार गिफ्ट की। यह कार अपने प्रीमियम फीचर्स और आरामदायक डिजाइन के लिए जानी जाती है और खास तौर पर फिल्मी सितारों के बीच काफी लोकप्रिय है।

Update: 2026-04-03 09:02 GMT

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अजय देवगन ने 3 अप्रैल को अपना 57वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। इस मौके पर उन्होंने खुद को एक शानदार और महंगी लग्जरी कार मर्सिडीज-बेंज V-क्लास गिफ्ट की, जिसकी कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस नए तोहफे के साथ अजय का कार कलेक्शन और भी शानदार हो गया है। इस मौके पर पत्‍नी समेत सितारों ने बधाई दी। 

खुद को दिया लग्जरी तोहफा

अजय देवगन ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए खुद को मर्सिडीज-बेंज V-Class कार गिफ्ट की। यह कार अपने प्रीमियम फीचर्स और आरामदायक डिजाइन के लिए जानी जाती है और खास तौर पर फिल्मी सितारों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस नई कार के शामिल होने से अजय देवगन का पहले से ही शानदार गैराज और भी प्रभावशाली हो गया है।

लग्जरी कारों के शौकीन हैं अजय देवगन

अजय देवगन का कारों के प्रति लगाव किसी से छिपा नहीं है। वह हमेशा से लग्जरी और हाई-एंड गाड़ियों के शौकीन रहे हैं और अपने कलेक्शन में सिर्फ चुनिंदा और बेहतरीन मॉडल्स को ही जगह देते हैं। उनके गैराज में पहले से ही रोल्स-रॉयस कलिनन, मर्सिडीज-मेबैक GLS600, BMW X7 और पूरी तरह इलेक्ट्रिक BMW i7 जैसी प्रीमियम कारें मौजूद हैं। नई मर्सिडीज V-Class के जुड़ने से उनका कलेक्शन और भी खास बन गया है।

क्या है मर्सिडीज-बेंज V-Class की खासियत

मर्सिडीज-बेंज V-Class को खासतौर पर लग्जरी और कम्फर्ट के लिए डिजाइन किया गया है। इसका व्हीलबेस 3,430 mm है, जो इसे अपने सेगमेंट की सबसे लंबी और स्पेशियस गाड़ियों में शामिल करता है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसकी पिछली सीटें हैं, जो पूरी तरह से लग्जरी अनुभव देती हैं। इनमें मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी यह कार बेहद एडवांस है। इसमें 360-डिग्री कैमरा, लेन असिस्ट, मल्टीपल एयरबैग्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। मनोरंजन के लिए इसमें 12.3 इंच की दो बड़ी स्क्रीन, एम्बिएंट लाइटिंग और प्रीमियम साउंड सिस्टम जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।

सेलेब्रिटीज की पसंदीदा कार

मर्सिडीज-बेंज V-Class सिर्फ अजय देवगन ही नहीं, बल्कि कई अन्य सेलेब्रिटीज की भी पसंदीदा कार है। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान भी इस कार के मालिक हैं। वहीं भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या ने भी अपनी गर्लफ्रेंड को यही कार गिफ्ट की थी। इससे साफ है कि यह कार सिर्फ लग्जरी ही नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल भी बन चुकी है।

काजोल का मजेदार बर्थडे विश वायरल

अजय देवगन के जन्मदिन पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री काजोल ने भी खास अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं। काजोल ने इंस्टाग्राम पर अजय की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह मोटा चश्मा पहने नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “एक पड़ाव पर केक पर रखी मोमबत्तियां जश्न से ज्यादा खतरे की आग की तरह दिखने लगती हैं… लगता है आप उस पड़ाव पर पहुंच गए हैं।” इसके बाद उन्होंने हंसने वाली इमोजी के साथ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। काजोल का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अक्षय कुमार और अन्य सितारों ने दी बधाई

अजय देवगन के खास दोस्त और अभिनेता अक्षय कुमार ने भी अनोखे अंदाज में उन्हें बधाई दी। अक्षय ने इंस्टाग्राम पर ‘गोलमाल 5’ के सेट से एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अजय के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “दोस्ती इतनी पुरानी… प्यार तो होगा ही। जन्मदिन की शुभकामनाएं।” इसके अलावा सुनील शेट्टी, अनिल कपूर, करीना कपूर, रकुल प्रीत सिंह, ओम राउत और श्रेयस तलपड़े समेत कई फिल्मी सितारों ने भी अजय को बधाई दी।

फैंस से भी की मुलाकात

जन्मदिन के मौके पर अजय देवगन ने अपने फैंस से मुलाकात भी की। बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे, जिन्हें उन्होंने धन्यवाद कहा और उनके साथ समय बिताया।

आने वाली फिल्मों की लंबी लाइन

वर्क फ्रंट की बात करें तो अजय देवगन के पास इस समय कई बड़ी फिल्में पाइपलाइन में हैं। उनके फैंस ‘धमाल 4’, ‘दृश्यम 3’ और ‘रेंजर’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा 2027 में रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली ‘गोलमाल 5’ भी चर्चा में है, जिसमें अक्षय कुमार के शामिल होने की खबरें हैं।

Tags:    

Similar News