नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में सामाजिक संस्था ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और पीढ़ियों के बीच बेहतर संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेक एन एल्डर स्माइल’ कैंपेन की शुरुआत की। इस पहल का मकसद युवाओं को बुजुर्गों के साथ समय बिताने, उनके अनुभवों को सुनने और उनके जीवन में खुशी के छोटे-छोटे पल जोड़ने के लिए प्रेरित करना है। कैंपेन का उद्घाटन दौलत राम कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सविता रॉय की मौजूदगी में किया गया।
विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कैंपेन के लॉन्च कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय फाउंडेशन के सीईओ प्रो. अनिल कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जी.एस. टुटेजा, प्रो. पद्मश्री मुद्गल और राहुल झा सहित विश्वविद्यालय और कॉलेज से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। इस पहल को दौलत राम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) टीम का भी समर्थन मिला। डॉ. शारदा गौतम और स्वस्ति बंसल ने कैंपेन को छात्र समुदाय तक पहुंचाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने में सहयोग किया। NSS टीम ने ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ के साथ मिलकर छात्रों को इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया।
छोटे प्रयासों से बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान
‘मेक एन एल्डर स्माइल’ कैंपेन युवाओं को बुजुर्गों के साथ जुड़ने के लिए छोटे लेकिन सार्थक कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसके तहत युवा किसी वरिष्ठ नागरिक के साथ समय बिता सकते हैं, उनकी बातें और जीवन के अनुभव सुन सकते हैं, जरूरत में उनकी मदद कर सकते हैं या उनके साथ ऐसा कोई खास पल साझा कर सकते हैं, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान आए। कैंपेन का उद्देश्य केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित नहीं है। इसके जरिए अलग-अलग पीढ़ियों के बीच संवाद और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।
सोशल मीडिया के जरिए साझा कर सकेंगे अनुभव
अभियान में शामिल प्रतिभागियों को अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है। इसके लिए प्रतिभागी बुजुर्ग के साथ बिताए खास पल की फोटो या इंस्टाग्राम रील बना सकते हैं। अभियान के लिए उपलब्ध आधिकारिक ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ फोटो फ्रेम का इस्तेमाल करने के साथ पोस्ट में संस्था के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करने और निर्धारित हैशटैग का उपयोग करने के लिए कहा गया है। प्रतिभागियों को अपने अनुभव के साथ कुछ शब्दों में यह बताना होगा कि उनके लिए वह पल खास क्यों रहा। अभियान में साझा की गई कहानियों में से 100 सच्ची और दिल को छू लेने वाली कहानियों को ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ की ओर से विशेष गिफ्ट हैम्पर के लिए चुना जाएगा।
कॉलेजों से लेकर सामाजिक संस्थाओं तक भागीदारी का लक्ष्य
दौलत राम कॉलेज में आयोजित लॉन्च को ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ ने देशव्यापी अभियान की दिशा में पहला कदम बताया है। संस्था का लक्ष्य इस पहल को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाना और कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों, गैर-लाभकारी संस्थाओं, कॉरपोरेट्स, सांस्कृतिक संस्थानों तथा कम्युनिटी संगठनों को इससे जोड़ना है। अभियान के तहत ऐसे संस्थानों और समूहों का नेटवर्क तैयार करने की योजना है, जो स्थानीय स्तर पर गतिविधियां आयोजित कर सकें और युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद एवं सहभागिता के अवसर उपलब्ध करा सकें।
सम्मान और पीढ़ियों के बीच भरोसा बढ़ाने पर जोर
‘रिस्पेक्ट इंडिया’ का उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान और उनके साथ बेहतर सामाजिक जुड़ाव के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है। संस्था के अनुसार, सामूहिक भागीदारी के जरिए ‘मेक एन एल्डर स्माइल’ को ऐसा अभियान बनाने की कोशिश है, जो अलग-अलग पीढ़ियों के बीच सम्मान, साथ, भरोसे और सहयोग की भावना को मजबूत करे।
सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में काम कर रही संस्था
वर्ष 2007 में स्थापित ‘रिस्पेक्ट इंडिया’ सामाजिक कल्याण और समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में काम करने वाली संस्था है। इसके कार्यक्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सुरक्षा, बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की रोकथाम, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यावरण, सामाजिक कल्याण तथा भारतीय कला, संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देना शामिल है। पूर्व राज्यपाल एवं गृह सचिव बाल्मीकि प्रसाद सिंह संस्था के मुख्य संरक्षक हैं। संस्था के अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल विकास सिंह हैं। डॉ. मनीष कुमार चौधरी संस्था के संस्थापक एवं महासचिव हैं। कार्यक्रम का संयोजन पलक श्रीवास्तव और मृदुल ने किया।