दिल्ली में बढ़े प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के दाम, इतनी हुई एक लीटर की कीमत

दिल्ली में इंडियन ऑयल के प्रीमियम पेट्रोल XP100 की कीमत में बड़ा इजाफा हुआ है। पहले यह 149 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा था, जिसे अब बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। यानी इसमें 11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Update: 2026-04-01 07:10 GMT

नई दिल्‍ली: देश की राजधानी दिल्ली में ईंधन की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने प्रीमियम पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही एलपीजी गैस और जेट फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई इजाफा नहीं किया गया है।

प्रीमियम पेट्रोल XP100 की कीमत में बड़ा उछाल

दिल्ली में इंडियन ऑयल के प्रीमियम पेट्रोल XP100 की कीमत में बड़ा इजाफा हुआ है। पहले यह 149 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा था, जिसे अब बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। यानी इसमें 11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। XP100 भारत का पहला 100-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल है, जिसे खासतौर पर हाई-परफॉर्मेंस लग्जरी कारों और सुपरबाइक्स के लिए डिजाइन किया गया है। बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और स्मूद ड्राइविंग के लिए इसे प्रीमियम फ्यूल माना जाता है।

प्रीमियम डीजल भी हुआ महंगा

पेट्रोल के साथ-साथ प्रीमियम डीजल Xtra Green की कीमत में भी इजाफा हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 91.49 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी इसमें करीब 1.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। यह डीजल भी बेहतर माइलेज और कम प्रदूषण के लिए जाना जाता है और इसे आम डीजल के मुकाबले अधिक एडवांस्ड माना जाता है।

छोटे और कमर्शियल महंगे

एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में भी बदलाव किया गया है। सरकार और तेल कंपनियों ने घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। फिलहाल दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है, जबकि कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये की कीमत लागू है। ये दरें मार्च में हुई 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद तय हुई थीं और अप्रैल में भी जारी रहेंगी। हालांकि, 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत में 51 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम दिल्ली में करीब 196 रुपये बढ़ गए हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत पर असर पड़ सकता है।

जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी इजाफा

एविएशन सेक्टर के लिए भी लागत बढ़ गई है। जेट फ्यूल यानी एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में चारों प्रमुख महानगरों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में ATF की कीमत बढ़कर 2,07,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। कोलकाता में यह 2,05,953.33 रुपये प्रति किलोलीटर, मुंबई में 1,94,968.67 रुपये प्रति किलोलीटर और चेन्नई में 2,14,597.66 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। जेट फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ सकता है, क्योंकि एयरलाइंस अपनी लागत को संतुलित करने के लिए किराए बढ़ा सकती हैं।

क्या पड़ेगा आम लोगों पर असर?

प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो हाई-एंड वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरी ओर, कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर पर दबाव बढ़ सकता है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। अप्रैल की शुरुआत में ईंधन की कीमतों में हुए इस बदलाव ने अलग-अलग सेक्टरों को प्रभावित किया है। 

Tags:    

Similar News