कर्नाटक में कोरोना मामले सवा लाख के करीब, 2,300 से अधिक की मौत
कर्नाटक में पिछले 6 दिनों से लगातार 5 हजार से अधिक मामले दर्ज होने और पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 5483 रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर सवा लाख के करीब पहुंच गयी
बेंगलुरु। कर्नाटक में पिछले छह दिनों से लगातार पांच हजार से अधिक मामले दर्ज होने और पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 5,483 रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या गुरुवार को बढ़कर सवा लाख के करीब पहुंच गयी तथा कोरोना वायरस से 84 और लोगों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा 2,300 से अधिक हो गया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,24,115 हो गयी है। इस दौरान मृतकों का आंकड़ा 2,314 हो गया है।
इस अवधि में 3,094 लोगों के स्वस्थ होने के बाद रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 49,788 हो गयी है। राज्य में फिलहाल 72,005 सक्रिय मामले हैं जो गुरुवार को 69,699 थे। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण से गंभीर रूप से प्रभावित कर्नाटक शनिवार तक देश भर में चौथे स्थान पर था लेकिन रविवार को सात हजार से अधिक मामलों के साथ एक अन्य दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश ने इसे पीछे छोड़ दिया है। अब एक लाख से अधिक मामलों के साथ कर्नाटक दिल्ली के बाद पांचवें स्थान पर है।