श्रमिकों की मदद के लिए भाजपा पदाधिकारी करें प्रशासन का सहयोग: शिवराज
चौहान ने कहा कि श्रमिक जहां हैं, वहीं से यह राशि निकाली जा सकेंगे तथा उससे वे अपनी आवश्यक दैनिक जरूरतों की पूर्ति कर सकेंगे।
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ऑडियो कॉन्फ्रसिंग के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि वे अन्य राज्यों में फंसे प्रदेश के श्रमिक की मदद के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
भाजपा की ओर से यहां जारी विज्ञप्ति में श्री चौहान ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वी डी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य पदाधिकारियों से चर्चा की और अन्य प्रदेशों में फंसे मजदूरों के नाम, मोबाईल नं. एवं बैंक खातों की सूची बनाये जाने में प्रशासन की मदद करने के लिए चर्चा की। उन्होंने कहा कि जैसे ही उनकी सूची प्राप्त हो जाएगी, उनके खातों में एक-एक हजार रुपये की सहायता राशि तुरंत भिजवा दी जाएगी।
श्री चौहान ने कहा कि श्रमिक जहां हैं, वहीं से यह राशि निकाली जा सकेंगे तथा उससे वे अपनी आवश्यक दैनिक जरूरतों की पूर्ति कर सकेंगे। चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पूरी सरकार और संगठन परिश्रम के साथ कोरोना से युद्ध लड़ रहा है। मध्यप्रदेश में कोई भूखा ना रहे, किसी को राशन की कमी नहीं आए, इसके लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने टेलीकान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि प्रदेश में कोरोना संकट से लड़ने के लिए टॉस्क फोर्स समिति की बैठक की गई है तथा आप सभी के सहयोग से कोरोना संकट पर जरूर विजय प्राप्त करेंगे। मध्यप्रदेश के कई मजदूर बाहर के प्रदेशों में फंसे हुए हैं। देश में 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के विरुद्ध युद्ध में हम सब लड़ रहे हैं।
श्री चौहान ने कहा कि अपने प्रदेश में ही फसल कटाई के लिए कई मजदूर अपने घरों को छोड़कर दूसरे जिलों में आए हैं, उनकी सहायता के लिए भी सरकार द्वारा वे जहां हैं, वहीं उनके आवास, भोजन, खाद्यान्न की व्यवस्था की गई है। सांसद विधायक भी व्यक्ति स्तर पर ऐसे मजदूरों की चिंता करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भारत सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए हर जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध करवायेंगे।