बीजेपी ने युवाओं के दम पर चलाया सबसे बड़ा राहत अभियान

लॉकडाउन के दौरान सबसे बड़ा राहत अभियान चलाने में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता में युवा कार्यकर्ताओं की सबसे ज्यादा भूमिका रही

Update: 2020-05-24 20:07 GMT

नई दिल्ली । लॉकडाउन के दौरान सबसे बड़ा राहत अभियान चलाने में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता में युवा कार्यकर्ताओं की सबसे ज्यादा भूमिका रही। भाजपा, अगर टारगेट पांच करोड़ से दोगुने यानी दस करोड़ जरूरतमंदों को राशन और भोजन पहुंचाने में सफल रही तो इस सफलता की जड़ में युवाओं की मेहनत है। पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस बात को मानते हैं।

राहत कार्यक्रमों के संचालन कार्य से भाजपा बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ने में सफल रही। पार्टी का मानना है कि युवाओं के जरिए समाज सेवा के कार्य को और गति देने से भाजपा की जनता में और पैठ बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष जेपी नड्डा की अपील पर मदद के लिए सबसे ज्यादा युवा आगे आए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहत कार्यो का संचालन करने में 60 प्रतिशत युवाओं ने अहम भूमिका निभाई।

पार्टी के नेता ने कहा कि देश में 24 मार्च को लॉकडाउन के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जरूरतमंदों को राशन, भोजन, मास्क उपलब्ध कराने की अपील की थी। शुरुआती समय में ही 32 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता राहत अभियान से जुड़े। इसमें 60 प्रतिशत संख्या युवाओं की रही। युवाओं की सक्रियता के कारण भाजपा अपने टारगेट से भी ज्यादा जरूरतमंदों तक पहुंचने में सफल रही। खास बात है कि ढाई लाख कार्यकर्ताओं ने बुजुर्ग और बीमार लोगों की सेवा का बीड़ा उठाया। इसमें भी अधिकांश युवा रहे।

भाजपा ऐसे युवाओं को भी इस मुहिम से जोड़ने में सफलता हासिल की, जो कि किसी भी पार्टी से जुड़े नहीं हैं। भाजपा के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी ने बताया, "संकट के समय हर व्यक्ति को तात्कालिक मदद की जरूरत होती है। युवा ऊजार्वान होते हैं, वह किसी को भी तुरंत सहायता पहुंचाने में सक्षम होते हैं। यही वजह है कि पार्टी ने युवाओं को राहत अभियानों के संचालन से जोड़ा। हम तमाम गैर सरकारी संगठनों से जुड़े युवाओं को भी राहत अभियान से जोड़ने में सफल रहे। किसी दल या विचारधारा से नहीं जुड़े युवाओं ने भी भाजपा के राहत अभियान से जुड़ने में उत्सुकता दिखाई।"


Full View

Tags:    

Similar News