मप्र में भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा राजभवन
मध्यप्रदेश में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच भाजपा का प्रतिनिधिमंडल आज एक बार फिर राजभवन पहुंचा
भोपाल। मध्यप्रदेश में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच भाजपा का प्रतिनिधिमंडल आज एक बार फिर राजभवन पहुंचा। भाजपा नेताओं की राज्यपाल के साथ चर्चा चल रही है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के अलावा अन्य नेता भी शामिल हैं।
भाजपा की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि कांग्रेस के 22 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। इस कारण राज्य की कमल नाथ सरकार अल्पमत में आ गई है। बीते तीन दिनों में राज्यपाल लालजी टंडन की ओर से दो पत्र लिखकर मुख्यमंत्री कमल नाथ को शक्ति परीक्षण (फ्लोर टेस्ट) के लिए कहा गया, मगर उस पर अमल नहीं हुआ।
राज्यपाल ने 17 मार्च तक फ्लोर टेस्ट कराने को कहा था और यह भी कहा था कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो माना जाएगा कि सरकार को बहुमत नहीं है। इसी बात को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में राजभवन पहुंचा है।