भाजपा उत्तर प्रदेश में बहुमत की सरकार बनायेगी: भूपेन्द्र
बरेली ! भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महामंत्री एवं बिहार के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।;
बरेली ! भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महामंत्री एवं बिहार के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।
श्री यादव ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और कानून नाम की कोई भी चीज नहीं रह गई है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और जमीनों पर कब्जा किये जा रहे हैं। मां बहनों की इज्जत खुले आम लूटी जा रही है। प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन के लिए पूरी तरह मूड बना चुकी है । उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी ।
उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में दबंग गरीबाें की जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं और उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को हर साल यूरिया खाद मिलने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन इस बार किसी भी किसान को खाद मिलने में कोई परेशानी का सामना नहीं करना पडा।
श्री यादव ने प्रदेश सरकार पर केन्द्र सरकार की योजनाओं को सुचारू रूप से क्रियान्वित नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी वजह से प्रदेश कृषि की विकास दर में काफी पीछे हो गया है। प्रदेश में व्यापार तेजगति से बढ़े इसके लिए व्यापारी भाजपा की ओर निहार रहा है । देश में जिन जिन राज्यों में चुनाव हुये हैं वहां भाजपा को काफी सीटें मिली हैं। उत्तर प्रदेश में बडे पैमाने पर सीटों पर भाजपा जीत हासिल करके प्रदेश में बहुमत से सरकार बनायेगी।
नोटबंदी का जिक्र करते हुए श्री यादव ने कहा कि इससे 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है । इस समय बैकों
में धन की कोई कमी नहीं है और इसलिए बैंको ने होम लोन आदि पर ब्याज दरों में काफी कमी की है। उन्होंने भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी करने की बात कही।