जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के 535 नये मामले
जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 535 नये मामले सामने आने के साथ प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37,698 हो गयी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 535 नये मामले सामने आने के साथ प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37,698 हो गयी। जम्मू क्षेत्र में कोरोना के 245 नये मामले सामने आये जबकि कश्मीर क्षेत्र से कोरोना संक्रमण के 290 नये मामले सामने आये।
इस दौरान केन्द्र शासित प्रदेश में इस महामारी के कारण नौ लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 703 हो गयी।
इस दौरान कोरोना के 505 मरीजों को पूरी तरह से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। जम्मू क्षेत्र से 110 मरीज ठीक हुए जबकि कश्मीर क्षेत्र से 395 मरीज ठीक हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ओर से कोरोना वायरस को लेकर जारी मीडिया बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमण के 37,698 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जबकि 29,015 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। प्रदेश में इस समय कोरोना के 7980 सक्रिय मामले हैं।
केन्द्र शासित प्रदेश में इस महामारी से अब तक 703 लोगों की मौत हो चुकी है। जम्मू क्षेत्र में 66 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कश्मीर क्षेत्र में इस जानलेवा विषाणु के कारण अब तक 637 लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर में अब तक 9,66,412 नमूनों की कोरोना वायरस जांच की गयी है जिनमें से 9,28,714 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।