समस्याओं को लेकर आप ने किया पालिका परिसर में प्रदर्शन
जर्जर सड़कों के निर्माण और अन्य समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने 11 सूत्री मांगो के साथ नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन किया

तिल्दा - नेवरा। जर्जर सड़कों के निर्माण और अन्य समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने 11 सूत्री मांगो के साथ नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन किया। आप के विधानसभा संयोजक कमल महान ने कहा कि हेमू कालाणी चौक से अग्रसेन चौक तक की सड़क सबसे जर्जर अवस्था में है,विगत 20 वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं हुई है। इसके अलावा पेट्रोल पम्प से अम्बेडकर चौक तक की सड़क भी चलने योग्य नहीं है।
निराश्रितों को कई कई महीनों तक पेंशन नहीं मिलती। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी 15 से 20 वर्षों से दैनिक वेतन भोगी के रूप में कार्यरत हैं,उन्हें भी नियमित करने की मांग आप के ज्ञापन में है। महिला-पुरूष सफाई कर्मियों को अपनी सेवा अवधि में कभी विभागीय यूनिफार्म मिली ही नहीं है।
गरीबों के राशन कार्ड,शहर में ऑटो व जीप स्टेंड का स्थान निर्धारण आदि अन्य मांगो में शामिल है। धरना प्रदर्शन में भरतसिंह चौहान,तिजराम टंडन, अशोक वर्मा,रंजीत पटनायक, कमला सेन,ध्रुवराम देवांगन, गिरजा यादव,ठाकुरदास,राजू ध्रुव निर्मला वर्मा,उतरा निषाद, कुमारी निषाद,श्यामाबाई साहू,सेवति साहू,शिव सेन, आदि शामिल हुए।


