Top
Begin typing your search above and press return to search.

जापोरिज्जिया में हुए रूसी हमलों में दो की मौत, जेलेंस्‍की ने ट्रंप से की 'लिंडसे ओ. ग्राहम कानून' लागू करने की मांग

यूक्रेन में रूस की आक्रामकता लगातार जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया क‍ि शुक्रवार रात रूस ने एक बार फ‍िर से कीव, जापोरिज्जिया, ओडेसा, सुमी और खार्किव इलाकों में रिहायशी इमारतों को न‍िशाना बनाया। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबक‍ि 14 लोग घायल हो गए। जेलेंस्‍की ने अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्ड ट्रंप से 'लिंडसे ओ. ग्राहम कानून' लागू करने की अपील की।

जापोरिज्जिया में हुए रूसी हमलों में दो की मौत, जेलेंस्‍की ने ट्रंप से की लिंडसे ओ. ग्राहम कानून लागू करने की मांग
X

कीव। यूक्रेन में रूस की आक्रामकता लगातार जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया क‍ि शुक्रवार रात रूस ने एक बार फ‍िर से कीव, जापोरिज्जिया, ओडेसा, सुमी और खार्किव इलाकों में रिहायशी इमारतों को न‍िशाना बनाया। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबक‍ि 14 लोग घायल हो गए। जेलेंस्‍की ने अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्ड ट्रंप से 'लिंडसे ओ. ग्राहम कानून' लागू करने की अपील की।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले से हुई तबाही की तस्‍वीरें पोस्‍ट करते जानकारी साझा की।

जेलेंसकी ने पोस्‍ट में ल‍िखा, ''शुक्रवार रात रूस के हमलों में 14 लोग घायल हुए। कीव, जापोरिज्जिया, ओडेसा, सुमी और खार्किव क्षेत्रों में रिहायशी इमारतों पर कई हमले हुए। दुख की बात है कि जापोरिज्जिया में दो लोगों की मौत हो गई। उनके परिवारों और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।''

उन्‍होंने कहा क‍ि आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें कीव में एक किंडरगार्टन, कीव क्षेत्र में एक स्कूल, खार्किव में एक यूनिवर्सिटी और पोल्टावा, मायकोलाइव तथा विनित्सिया क्षेत्रों में ऊर्जा से जुड़े ठिकाने शामिल हैं।

यूक्रेनी राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि यह जरूरी है कि हमारे सहयोगी यह न भूलें कि रूस हर दिन तनाव बढ़ा रहा है। अगर रूस ने अपने हमलों को और ज्यादा बेरहम बनाने का रास्ता चुना है, तो दुनिया को भी और कड़े कदम उठाने होंगे, ताकि यह युद्ध आगे और न फैले।

जेलेंसकी ने कहा क‍ि हम राष्ट्रपति ट्रंप से अपील करते हैं कि रूस और उसके युद्ध के लिए आर्थिक मदद देने वाले सभी लोगों के खिलाफ 'लिंडसे ओ. ग्राहम कानून' को लागू करें।

उन्‍होंने कहा, "हम एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डेर लेयेन से अपील करते हैं कि यूरोप की ओर से और पाबंदियां लगाई जाएं। हम सभी नेताओं से अपील करते हैं कि रूसी अरबपतियों को मौजूदा प्रतिबंधों की सूची से न हटाया जाए और जब तक रूस युद्ध नहीं रोकता, तब तक आतंकवादियों के साथ किसी भी तरह के व्यापार पर और सख्ती की जाए। इसी तरह हर दिन मिलकर कोशिश करते हुए हमें शांति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।"

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने मैकडॉनल्ड्स को सर्विस देने वाली एक लॉजिस्टिक्स फैसिलिटी पर रूसी हमले की जानकारी 'एक्‍स' पोस्‍ट पर साझा की।

सिबिहा ने पोस्‍ट में ल‍िखा, “रूस ने एक बार फिर यूक्रेन में काम कर रही एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी से जुड़े ठिकाने को निशाना बनाया है। इस बार मैकडॉनल्ड्स के लिए काम करने वाले एक लॉजिस्टिक्स सेंटर पर एक के बाद एक दो हमले किए गए। लगातार हो रहे इन हमलों से यूक्रेन के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है, कारोबारों को नुकसान पहुंच रहा है, नौकरियों पर खतरा बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय निवेश को भी नुकसान हो रहा है। यह दिखाता है कि रूस इस युद्ध को खत्म नहीं करना चाहता। वह चाहता है कि उसकी ओर से फैलाई जा रही दहशत की कीमत पूरी दुनिया चुकाए।”



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it