ट्रंप का मीडिया पर बैन 'फर्स्ट अमेंडमेंट' का उल्लंघन : डब्ल्यूएचसीए
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (डब्ल्यूएचसीए) ने ट्रंप प्रशासन से सीएनएन, पॉलिटिको और एएम नाऊ के पत्रकारों की पहुंच तुरंत बहाल करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा है कि इन पत्रकारों को व्हाइट हाउस से रोकने का फैसला पहले संशोधन का उल्लंघन है।

वाशिंगटन। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (डब्ल्यूएचसीए) ने ट्रंप प्रशासन से सीएनएन, पॉलिटिको और एएम नाऊ के पत्रकारों की पहुंच तुरंत बहाल करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा है कि इन पत्रकारों को व्हाइट हाउस से रोकने का फैसला पहले संशोधन का उल्लंघन है।
डब्ल्यूएचसीए की अध्यक्ष जैकी हेनरिक ने एक बयान में कहा, "आज सीएनएन, पॉलिटिको और एमएस नाऊ के पत्रकारों की पहुंच को रद्द करने की कार्रवाई पहले संशोधन का उल्लंघन करती है।" यह बयान तब आया जब इन तीन संगठनों के पत्रकारों को व्हाइट हाउस में प्रवेश से रोक दिया गया।
सीएनएन की सीनियर व्हाइट हाउस रिपोर्टर बेट्सी क्लेन और एमएस नाऊ की संवाददाता अकायला गार्डनर को उनके प्रेस बैज डीएक्टिवेट होने के बाद एंट्री नहीं दी गई। पॉलिटिको की व्हाइट हाउस रिपोर्टर शेयेन हैसलेट को भी प्रवेश से वंचित कर दिया गया और समाचार संगठनों के अनुसार उनका क्रेडेंशियल जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तीन संगठनों को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित करने की घोषणा के एक दिन बाद हुई है। ट्रंप ने उन पर 'फर्जी खबरें' दिखाने का आरोप लगाया था। बाद में अपने फैसले के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि इसके पीछे कोई एक घटना नहीं है और इसे 'पिछले कुछ वर्षों की कई खबरों का नतीजा' बताया।
हेनरिक ने कहा कि इस फैसले का असर सिर्फ इन तीन संगठनों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, "इसके निहितार्थ इन संगठनों से आगे तक जाते हैं। एक न्यूज आउटलेट को उसकी कवरेज के कारण बाहर करने के लिए इस्तेमाल किया गया मानक भविष्य में किसी भी आउटलेट पर लागू किया जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "अमेरिकी लोगों को एक स्वतंत्र प्रेस के माध्यम से सत्ता में चुने गए लोगों की जांच करने में सक्षम होना चाहिए, चाहे सरकारी अधिकारी इसे अनुकूल रूप से देखें या नहीं।"
हेनरिक ने कहा कि स्थापित कानूनी मिसाल सरकार की पहुंच वापस लेने की क्षमता पर सीमा लगाती है, जब एक बार पहुंच दे दी गई हो।
उन्होंने कहा, "इसीलिए अदालतों ने बार-बार माना है कि एक बार व्हाइट हाउस पत्रकारों को पहुंच प्रदान करता है, तो वह मनमाने ढंग से या उनकी रिपोर्टिंग की सामग्री के आधार पर उस पहुंच से इनकार नहीं कर सकता। डब्ल्यूएचसीए प्रशासन से हमारे सहयोगियों की पहुंच तुरंत बहाल करने का आह्वान करता है।"
तीनों समाचार संगठनों ने कहा है कि वे अपनी रिपोर्टिंग जारी रखेंगे और अपने पहले संशोधन के अधिकारों की रक्षा करेंगे। पॉलिटिको के ग्लोबल एडिटर-इन-चीफ जोनाथन ग्रीनबर्गर ने कहा कि संगठन "अपने पहले संशोधन अधिकारों की पुरजोर रक्षा करेगा।"
एमएस नाऊ ने कहा कि वह अपने अधिकारों और स्वतंत्र पत्रकारिता की भूमिका की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का इरादा रखता है। सीएनएन ने इस प्रतिबंध को अपने संवैधानिक अधिकारों पर एक अवैध हमला बताया।


