ट्रंप को रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए समझौता होने की उम्मीद
ट्रंप ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध सुलझने के बहुत करीब है और इसे समाप्त करने में "पूरे यूरोप" की भागीदारी हो सकती है.

चीन में शादी करने की दर 18 साल के निचले स्तर पर पहुंची
साल 2026 के शुरुआती नौ महीनों में चीन में शादी करने की दर 18 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई. चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी किए गए डेटा के मुताबिक, इस साल जनवरी से सितंबर अंत तक 46.5 लाख जोड़ों ने शादी की और 20.8 लाख जोड़ों ने तलाक लिया. स्थानीय न्यूज आउटलेट यिसाई के मुताबिक, शादियों की यह संख्या 18 साल में सबसे कम है.
चीनी सरकार ने हालिया सालों में शादी और बच्चे पैदा करने को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं. इनमें परिवारों को सब्सिडी देना, बच्चों के पालन-पोषण के लिए मदद देना और बच्चों के जन्म से जुड़े मेडिकल खर्चों को घटाना है. इन प्रयासों के बावजूद चीन में अब बुजुर्गों की संख्या बच्चों से ज्यादा हो गई है और घटती जनसंख्या चीन के लिए चिंता का कारण बन रही है.
चीन की जनसंख्या में साल 2025 में लगातार चौथे वर्ष गिरावट दर्ज की गई क्योंकि वहां जन्म दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है. जनसांख्यिकी विशेषज्ञों ने आगे और गिरावट होने की चेतावनी दी है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इस सदी के अंत तक चीन में प्रजनन आयु की महिलाओं की संख्या दो-तिहाई से अधिक घटकर 10 करोड़ से भी कम हो जाएगी.
ब्रिटेन में नौकरियों के विज्ञापनों में वेतन की जानकारी देना होगा जरूरी
ब्रिटेन में अब नौकरियों के लिए दिए जाने वाले विज्ञापनों में वेतन की जानकारी देना जरूरी होगा. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नम ने गुरुवार को यह जानकारी दी. सरकार का कहना है कि इससे अपनी पहली नौकरी के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को मदद मिलेगी. साथ ही वेतन के मामले में पारदर्शिता भी बढ़ेगी. सरकार जल्द ही संसद में इसके लिए विधेयक पेश करेगी.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘चार्टर्ड इंस्टिट्यूट ऑफ पर्सनल एंड डेवलपमेंट’ के अनुमानों का हवाला देते हुए कहा कि हर पांच में से दो नियोक्ता ही विज्ञापनों में सैलरी रेंज छापते हैं. वहीं, 20 फीसदी से भी कम नियोक्ता सटीक वेतन की जानकारी देते हैं. बर्नम ने एक बयान में कहा कि किसी नौकरी के लिए आवेदन करते वक्त यह पता होना चाहिए कि उसमें कितना वेतन मिलेगा.
ब्रिटेन सरकार ऐसे युवाओं की संख्या में कमी लाने का प्रयास कर रही है, जो न काम कर रहे हैं, न पढ़ाई कर रहे हैं और न ही कोई ट्रेनिंग कर रहे हैं. ब्रिटेन में 16 से 24 साल की आयु के ऐसे करीब 10 लाख युवा हैं. ब्रिटिश सरकार को उम्मीद है कि नौकरियों के विज्ञापनों में वेतन की जानकारी होने से युवा नौकरियों के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित होंगे.
कर्नाटक के मंत्री का दावा: कई पेट्रोल पंप बेच रहे 20 फीसदी से अधिक इथेनॉल मिश्रण वाला पेट्रोल
कर्नाटक के एक मंत्री ने दावा किया है कि राज्य के कई पेट्रोल पंपों पर बिकने वाले पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी से ज्यादा है. कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने कहा कि राज्य ने विभिन्न जिलों से इकट्ठे किए गए ईंधन के 63 नमूनों को परीक्षण के लिए एक प्रमाणित निजी प्रयोगशाला में भेजा था.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, उन्होंने कहा कि जांच में पाया गया कि सर्वे में शामिल हर पांच में से चार पेट्रोल पंपों पर बिकने वाले पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी की सीमा से अधिक थी. रिजवान अरशद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि माप विभाग को जांच किए गए नमूनो में 20 फीसदी से अधिक इथेनॉल मिला और अधिकतम रीडिंग 31.2 फीसदी थी.
भारत में पेट्रोल पंपों पर सामान्य तौर पर ई20 ईंधन बेचा जाता है, जिसमें 80 फीसदी पेट्रोल और 20 फीसदी इथेनॉल होता है. विपक्षी पार्टियां और कई वाहन मालिक इसका विरोध करते हैं. उनका कहना है कि इससे माइलेज प्रभावित होता है और पुराने वाहनों को नुकसान हो सकता है. वहीं, भारत सरकार का कहना है कि इससे कच्चे तेल का आयात कम करने और उत्सर्जन घटाने में मदद मिलती है.
एएमयू छात्र संघ चुनाव: नशरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष बनीं
आठ साल बाद बहाल हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के छात्र संघ चुनाव में रिसर्च स्कॉलर नोमान अशरफ अध्यक्ष चुने गए हैं. उन्होंने 7,797 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतखाब को 4,121 वोटों से हराया. वहीं बीटेक छात्र मोहम्मद हमदान मानद सचिव निर्वाचित हुए. गुरुवार को रातभर चली मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह नतीजे घोषित किए गए, जिसके बाद परिसर में छात्रों ने जमकर जश्न मनाया.
चुनाव का सबसे चर्चित परिणाम उपाध्यक्ष पद पर रहा, जहां कानून की छात्रा नशरा नईम ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. वह एएमयू छात्र संघ के तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर चुनी जाने वाली पहली महिला बन गई हैं. उनकी जीत को विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
नित्या रमन लॉस एंजेलस की मेयर चुनी जाने वालीं पहली भारतीय-अमेरिकी बनीं
भारतीय मूल की नित्या रमन ने लॉस एंजेलस मेयर चुनाव में जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है. केरल में जन्मीं रमन इस अमेरिकी शहर की पहली भारतीय-अमेरिकी और पहली दक्षिण एशियाई मेयर बनने जा रही हैं. लॉस एंजेलस काउंटी चुनाव के ताजा अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, रमन को 4,60,772 वोट (52.70 प्रतिशत) मिले, जबकि मौजूदा मेयर केरन बैस को 4,13,519 वोट (47.30 प्रतिशत) वोट प्राप्त हुए. बास ने हार स्वीकार करते हुए रमन को बधाई दी और सत्ता के सुचारू हस्तांतरण का आश्वासन दिया.
2020 में लॉस एंजेलस सिटी काउंसिल के लिए चुनी गईं रमन ने अपना चुनावी अभियान किफायती आवास, बेघरों की समस्या, सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार और पुलिस व्यवस्था में बदलाव जैसे मुद्दों पर केंद्रित रखा था. हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक और एमआईटी से अर्बन प्लानिंग में मास्टर डिग्री हासिल कर चुकीं रमन राजनीति में आने से पहले बेघर लोगों के लिए काम करने वाली संस्था ‘सेलाह नेबरहुड होमलेस कोएलिशन’ की सह-संस्थापक रही हैं. जीत के बाद रमन ने कहा कि लॉस एंजेलस की अगली मेयर चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात है.
रमन ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी से अपनी तुलना किए जाने को काफी हद तक स्वीकार किया है, लेकिन उन्होंने इस धारणा को सिरे से खारिज किया कि वह उनकी "वेस्ट कोस्ट संस्करण" हैं. उन्होंने वैनिटी फेयर को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, "मैं अलग हूं. मैं खुद हूं." इस चुनाव अभियान में बेघर लोगों का मुद्दा एक प्रमुख विषय रहा. इस मुद्दे पर मतदाताओं की चिंता और उम्मीदवारों के वादे चुनावी बहस के केंद्र में रहे.
भारत में वित्तीय संस्थाओं पर हुए साइबर हमलों में चीन से जुड़े एआई टूलों का हुआ इस्तेमाल
भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने वित्तीय संस्थाओं पर एआई से संचालित साइबर हमले करने वाले समूह के नाम का खुलासा किया है. एजेंसी ने इस समूह द्वारा इस्तेमाल किए गए चार टूलों के बारे में भी बताया है. भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) के मुताबिक, इनमें से दो टूलों का संबंध चीन से है.
सीईआरटी-इन द्वारा बुधवार को जारी की गई एक एडवाइजरी के मुताबिक, "क्राफ्टी फाल्कन" नाम के समूह ने गैर-बैंक कर्जदाताओं, फिनटेक कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों में सेंध लगाई. एजेंसी ने यह नहीं बताया है कि सेंध लगाने की इन घटनाओं के पीछे कौन था और यह समूह कहां से काम कर रहा है.
सीईआरटी-इन ने कहा कि साइबर हमलावरों ने घुसपैठ करने के लिए सार्वजनिक रूप से उपलब्ध एआई टूलों का इस्तेमाल किया. एजेंसी ने इस खतरे को "सक्रिय और निरंतर" बताया है. सीईआरटी-इन ने यह जानकारी नहीं दी है कि हमलावरों ने किन कंपनियों को निशाना बनाया और इस दौरान कितना पैसा चोरी हुआ.
साइबर सुरक्षा एजेंसी ने यह भी बताया है कि हमले छुट्टियों, सप्ताहांतों और अन्य कम निगरानी वाले समय पर किए गए ताकि उनका पता देर से चले. एजेंसी ने यह जानकारी तब साझा की है, जब हालिया हफ्तों में भारतीय बैंकों और गैर-बैंक कर्जदाताओं को साइबर हमलों का निशाना बनाया गया है और इससे जुड़ी चेतावनियां जारी की गई हैं.
ट्रंप को रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए समझौता होने की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए रूस के साथ एक "बहुत बड़े" समझौते पर काम चल रहा है. ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव के साथ अचानक एक बैठक करने के बाद यह टिप्पणियां की.
उन्होंने रिपोर्टरों से बातचीत करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध सुलझने के बहुत करीब है और इसे समाप्त करने में "पूरे यूरोप" की भागीदारी हो सकती है. ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा, "मैं आपको यह नहीं बता सकता कि मैंने क्या चर्चा की. लेकिन मैं आपको बस इतना बता रहा हूं कि यह एक समझौता होगा, यह एक बड़ा समझौता होगा."
इस बीच ट्रंप के दामाद और अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने कहा कि गुरुवार को यूक्रेन युद्ध का हल निकालने के लिए अमेरिका, नाटो और यूरोपीय साझेदारों के बीच "उत्पादक और सार्थक चर्चा" हुई. 10 और 11 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता भी होनी है.


