Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की तेज कार्रवाई ने एक बड़े हमले को रोक दिया: अमेरिकी अधिकारी

अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों ने बताया कि यूएस सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में एक बड़ा हमला होने से बच गया

सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की तेज कार्रवाई ने एक बड़े हमले को रोक दिया: अमेरिकी अधिकारी
X

वाशिंगटन। अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों ने बताया कि यूएस सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में एक बड़ा हमला होने से बच गया। सभी एजेंसियों ने मिलकर तुरंत कार्रवाई की और कुछ ही पलों में हमलावर को काबू कर लिया।

कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने पत्रकारों से कहा, “कानून प्रवर्तन एजेंसियों की बहादुरी और पेशेवर तरीके की वजह से इस भयानक घटना को रोका जा सका।” उन्होंने बताया कि एजेंट्स ने तुरंत संदिग्ध को पकड़ लिया।

यह घटना 25 अप्रैल को वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, जहां राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और कई वरिष्ठ अधिकारी इस वार्षिक कार्यक्रम में शामिल थे।

जांच के अनुसार, रात करीब 8:40 बजे संदिग्ध होटल के टेरेस स्तर पर बने सुरक्षा चेकपॉइंट पर पहुंचा, जो बॉलरूम के ऊपर की मंजिल पर था। चेकपॉइंट से गुजरते समय गोली चलने की आवाज आई। एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी के सीने में गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।

उस अधिकारी ने जवाबी फायरिंग की। अधिकारियों के मुताबिक, उसने कई गोलियां चलाईं, जिससे हमलावर जमीन पर गिर गया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ब्लैंच ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह प्रशिक्षण और तय नियमों के अनुसार हुई। उन्होंने कहा, “कानून प्रवर्तन एजेंसियां असफल नहीं हुईं, बल्कि उन्होंने वही किया जिसके लिए उन्हें ट्रेनिंग दी गई है।”

एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने बताया कि एजेंट्स ने मौके पर तेजी से काम किया। पटेल ने बताया कि एफबीआई ने मोबाइल कमांड सेंटर, सबूत जुटाने वाली टीमें और स्वाट यूनिट्स तैनात की थी। साथ ही कई राज्यों, जैसे कैलिफोर्निया और कनेक्टिकट में तलाशी और पूछताछ भी की गई।

घटनास्थल से इकट्ठा किए गए सबूतों, जिनमें बंदूकें और कारतूस के खोखे शामिल थे, को जांच के लिए क्वांटिको स्थित एफबीआई की प्रयोगशालाओं में भेज दिया गया। जांचकर्ता संदिग्ध के होटल के कमरे में भी गए और वहां से मामले से जुड़े अहम दस्तावेज़ और सामान बरामद किए। इसी दौरान, एजेंटों ने इस कार्यक्रम में शामिल लगभग 2,000 लोगों में से कुछ गवाहों से भी पूछताछ की।

पटेल ने घायल अधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि “उन्होंने एक बड़े हमले को और ज्यादा खतरनाक होने से रोक दिया।” उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा बलों ने देश की रक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस, एफबीआई, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग और मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मिलकर काम किया।

ब्लैंच ने कहा कि जांच अभी भी जारी है और अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, “कुछ बातें सही हैं, कुछ गलत… सही समय पर हम खुद जानकारी देंगे।” साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अगर उनके पास कोई जानकारी हो, तो जांच एजेंसियों के साथ साझा करें, ताकि पूरी घटना को सही तरीके से समझा जा सके।

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर एक बड़ा वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें नेता, पत्रकार और कई प्रसिद्ध लोग शामिल होते हैं, इसलिए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it