Top
Begin typing your search above and press return to search.

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल दो भारतीय अब भी आईसीयू में भर्ती, भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

सऊदी अरब में 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए कई भारतीय नागरिकों में से दो अब भी आईसीयू में भर्ती हैं। सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि एक अन्य भारतीय नागरिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में भर्ती है, जबकि तीन अन्य सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं।

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल दो भारतीय अब भी आईसीयू में भर्ती, भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
X

रियाद। सऊदी अरब में 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए कई भारतीय नागरिकों में से दो अब भी आईसीयू में भर्ती हैं। सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि एक अन्य भारतीय नागरिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में भर्ती है, जबकि तीन अन्य सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं।

दूतावास द्वारा जारी एक नई एडवाइजरी में यह जानकारी दी गई है कि रियाद का इंटरनेशन एयरपोर्ट उड़ानों के लिए बंद है, जबकि दम्माम, जेद्दा और मदीना के एयरपोर्ट चालू हैं, हालांकि वहां भी कुछ रुकावटें आ रही हैं।

एडवाइजरी में कहा गया है, "मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए। हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर ही रहें। साथ ही चल रही घटनाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी, फोटो या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने या शेयर करने से बचें।"

दूतावास के अनुसार, भारतीय एयरलाइंस ने सऊदी अरब आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को आगे बढ़ा दिया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सभी रूटों पर 20 अक्टूबर तक और इंडिगो ने 24 अक्टूबर तक अपनी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। आकासा एयर ने रियाद के लिए 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए 21 अक्टूबर तक अपनी उड़ानें रोक दी हैं।

सऊदी एयरलाइंस (सउदिया) दम्माम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए अपनी निर्धारित उड़ानें जारी रखे हुए है। वहीं, फ्लाईनास दम्माम-लखनऊ रूट पर उड़ानें संचालित कर रही है और फ्लाईडील ने 17-18 अक्टूबर के लिए दम्माम-मुंबई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।

दूतावास ने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों को तुरंत सऊदी अरब से निकलना है, वे बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते जाने पर विचार कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास जरूरी वीजा हो।

इसमें आगे कहा गया है, "जो भारतीय नागरिक सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे हैं (जिसमें उमराह के लिए जाने वाले लोग भी शामिल हैं), उन्हें सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर चल रही रुकावटों और उड़ानों के रद्द होने की संभावना को ध्यान में रखना चाहिए। इसकी वजह से उन्हें वहां उम्मीद से ज्यादा समय तक रुकना पड़ सकता है।"

हाल ही में हुए हमलों के मद्देनजर, सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने गुरुवार को भारतीय समुदाय के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि भारत ने सऊदी अरब में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की है।

उन्होंने बताया कि दूतावास ने उन उमराह यात्रियों के लिए हेल्पलाइन शुरू की है जिन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा है। साथ ही उन्होंने भारत से सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे लोगों से कहा कि वे संभावित रुकावटों को ध्यान में रखें।

राजदूत विपुल ने कहा, "मौजूदा हालात में हम सभी को शांत और सतर्क रहना चाहिए। खासकर हवाई हमले की स्थिति में, हमें घर के अंदर ही रहना चाहिए।" उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि हमलों से जुड़ी कोई भी फोटो या वीडियो शेयर करना सऊदी कानून के खिलाफ है और इससे मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it