Top
Begin typing your search above and press return to search.

जर्मनी में बढ़ रहे हैं दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराध

जर्मनी की सरकार ने संसद में बताया है कि साल 2025 में 2024 के मुकाबले दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराधों की संख्या बढ़ी है. जर्मन पुलिस के आंकड़ों के हवाले से यह जानकारी दी गई है

जर्मनी में बढ़ रहे हैं दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराध
X

जर्मनी की सरकार ने संसद में बताया है कि साल 2025 में 2024 के मुकाबले दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराधों की संख्या बढ़ी है. जर्मन पुलिस के आंकड़ों के हवाले से यह जानकारी दी गई है.

जर्मनी में दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित हिंसक अपराधों की संख्या 2025 में बीते साल के मुकाबले अधिक दर्ज की गई. जर्मनी की वामपंथी पार्टी डी लिंके ने संसद में इस मुद्दे पर सवाल पूछा था. इस सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि पिछले साल पूरे जर्मनी में दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराध की कुल 1,521 घटनाएं रिकॉर्ड की गई थीं. वहीं, 2024 ऐसी घटनाओं की संख्या 1,488 थी और 2023 में कुल 1,270 केस दर्ज हुए थे. आंकड़ों को देखकर साफ पता चलता है कि जर्मनी में साल दर साल इन मामलों की संख्या में बढ़त ही हो रही है.

डी लिंके ने ना सिर्फ आपराधिक आंकड़ों बल्कि 2025 के आखिरी तीन महीनों में दर्ज किए गए ऐसे अपराधों का पूरा ब्योरा भी मांगा. सरकार ने इस पर बताया कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित होकर हत्या की कोशिश का सिर्फ एक मामला सामने आया था.

किन अपराधों को माना जाता है राजनीति से प्रेरित

अपराधों का रिकॉर्ड रखने वाले जर्मनी के आधिकारिक कार्यालय के आंकड़ों के हवाले से सरकार ने यह जानकारी संसद में दी है. सरकार ने यह भी कहा कि ये आंकड़े फिलहाल अस्थायी हैं और इनके बदलने की पूरी संभावना है. इसके लिए जर्मनी के राज्यों को ऐसे मामलों की रिपोर्ट भेजनी होगी क्योंकि कई मामलों में ऐसा होता है जब बाद में यह साबित होता है कि उस अपराध के पीछे राजनीतिक मंशा छिपी थी.

देश या उसके प्रतीकों के खिलाफ मानहानि, नफरत और हिंसा को बढ़ावा देना राजीनिक मंशा के साथ किए गए अपराधों में आता है. हालांकि, हिंसक अपराधों की सूची में हत्या, शारीरिक क्षति, शांति भंग करने की कोशिश, ट्रैफिक में जानबूझकर रुकावट पैदा करना या कानून लागू करने में अवरोध पैदा करना जैसी चीजें शामिल हैं. पिछले साल मई में 'लास्ट वे ऑफ डिफेंस' नाम के एक धुर दक्षिणपंथी समूह के खिलाफ जर्मनी में कार्रवाई शुरू की गई थी. इस कार्रवाई में 14 से 21 साल तक के 5 युवकों को अलग अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया था. अधिकारियों के मुताबिक इस समूह का मकसद प्रवासियों और राजनीतिक विपक्षी समूहों पर हिंसा के जरिए जर्मनी की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करना था.

बड़े पैमाने पर कार्रवाई

हाल ही में जर्मन पुलिस ने एक और ऐसे ही समूह के लोगों को गिरफ्तार किया है. जर्मनी और स्विट्जरलैंड में 11 अलग-अलग जगहों पर छापे मारकर पुलिस ने हिटलर और नाजी विचारधारा से जुड़ी स्वास्तिका जैसी चीजें जब्त कीं. साथ ही प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री, ऐसे कपड़े जिन पर धुर दक्षिणपंथी तस्वीरें छपी थीं और हिटलर के जमाने का म्यूजिक, सीडी वगैरह भी पुलिस को मिली. इस मामले में 43 साल के मुख्य आरोपी सहित पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

जर्मनी के आंतरिक खूफिया विभाग ने 2025 में धुर दक्षिणपंथी विचारधारा के बढ़ते प्रभाव को लेकर एक रिपोर्ट भी प्रकाशित की थी. इस रिपोर्ट में बताया गया था कि इसके पीछे ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर मौजूद कट्टरता भी एक बड़ी वजह है. इसका सबसे ज्यादा प्रभाव युवा और किशोरों पर देखने को मिल रहा है. जानकार मानते हैं कि बीते कुछ समय में जर्मनी की धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी की जड़ें भी मजबूत हुई हैं जिससे इस विचारधारा को और मजबूती मिली है.


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it