Top
Begin typing your search above and press return to search.

ट्रंप के नाकाबंदी हटाए जाने के दावे के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध अभी भी लागूः ईरान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध हटाने के दावे के बावजूद ईरानी जहाजों को अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है

ट्रंप के नाकाबंदी हटाए जाने के दावे के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध अभी भी लागूः ईरान
X

तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध हटाने के दावे के बावजूद ईरानी जहाजों को अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। यह जानकारी अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने दी।

ईरानी नौसैनिक अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रतिबंध अभी भी लागू हैं और अमेरिकी केंद्रीय कमान की ओर से जहाजों को क्षेत्र में प्रवेश न करने की चेतावनी दी जाती रहती है।

ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी "अब हटा ली जाएगी।"

इसी पोस्ट में उन्होंने ईरान के साथ संभावित समझौते की शर्तें भी रखीं। उन्होंने कहा कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने पर सहमत होना होगा। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, ट्रम्प ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को "तुरंत" खोल दिया जाना चाहिए, ताकि दोनों दिशाओं में बिना किसी प्रतिबंध के जहाजरानी हो सके और सभी समुद्री बारूदी सुरंगें हटा दी जाएं।

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के समन्वय से ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार का पता लगाया जाएगा और उसे नष्ट कर दिया जाएगा।

वहीं, ईरान ने कहा है कि परमाणु मुद्दे मौजूदा वार्ता प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हैं।

ईरान की मुख्य सैन्य कमान खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय ने शनिवार को कहा कि ईरानी सशस्त्र बल होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूर्ण अधिकार के साथ नियंत्रण स्थापित कर रहे हैं। यह जानकारी आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए ने दी।

मुख्यालय ने एक बयान में स्पष्ट किया कि जलमार्ग से गुजरने वाले सभी जहाजों (वाणिज्यिक पोतों और तेल टैंकरों) को केवल ईरान द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करना होगा और उन्हें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना से अनुमति प्राप्त करनी होगी।

इस बीच, अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, आईआरजीसी की नौसेना ने शनिवार को कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान 20 जहाजों ने उसके बलों और ईरानी समुद्री अधिकारियों के समन्वय से जलडमरूमध्य को पार किया।

फार्स ने आईआरजीसी नौसेना के अधिकारियों के हवाले से बताया कि इन जहाजों को रासायनिक उर्वरकों जैसी आवश्यक वस्तुओं की अपने-अपने देशों में मांग को देखते हुए जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी गई थी।

गौरतलब है कि ईरान ने 28 फरवरी को होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण और सख्त कर दिया था तथा इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरानी क्षेत्र पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद इन देशों से जुड़े जहाजों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया था। दूसरी ओर, अमेरिका ने भी जलडमरूमध्य में अपने नौसैनिक प्रतिबंध बनाए रखे हैं, जिससे ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it