Top
Begin typing your search above and press return to search.

पाकिस्तान : बलूचिस्तान में सड़क निर्माण साइट हमले की बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने ली जिम्मेदारी

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने शुक्रवार को 29 अप्रैल को हुए हमले की ज‍िम्मेदारी ली

पाकिस्तान : बलूचिस्तान में सड़क निर्माण साइट हमले की बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने ली जिम्मेदारी
X

क्वेटा। बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने शुक्रवार को 29 अप्रैल को हुए हमले की ज‍िम्मेदारी ली, जिसमें पाकिस्तान के प्रांत बलूचिस्तान के शहर डेरा मुराद जमाली के पास पट फीडर पेरोपोल इलाके में सड़क निर्माण साइट की मशीनरी को नुकसान पहुंचाया गया।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ अज्ञात हमलावरों ने साइट पर रॉकेट दागे, जिससे मशीनें तबाह हो गईं और काम रुक गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने एक बयान में कहा कि उनके लड़ाकों ने एक 'मिलिट्री कंपनी' को निशाना बनाया, जो उस इलाके में सरकारी निर्माण प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी। उनका दावा है कि कंपनी की मशीनें पूरी तरह नष्ट कर दी गईं।

बयान के अनुसार, यह हमला नसीराबाद के डेरा मुराद जमाली इलाके में पिट फीडर पिरोपल के पास सड़क पर हुआ।

प्रवक्ता ने स्थानीय ठेकेदारों को चेतावनी दी कि वे 'सरकारी प्रोजेक्ट्स' से दूर रहें, नहीं तो उन्हें अपनी जान और आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी। इसके साथ ही कहा क‍ि संगठन इस हमले की जिम्मेदारी लेता है और 'बलूचिस्तान की आजादी' तक ऐसे ऑपरेशन जारी रखेगा।

पिछले महीने भी बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) और बीआरजी ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान के अवारन, झाओ, बसीमा और सिबी इलाकों में कई हमलों की जिम्मेदारी ली थी, जो सुरक्षा बलों और सरकारी ठिकानों पर किए गए थे।

मार्च में बीआरजी ने एक बड़े गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी भी ली थी, जो सुई गैस फील्ड से कराची तक गैस पहुंचाती है। प्रवक्ता दोस्तैन बलूच के मुताबिक, इस विस्फोट में पाइपलाइन को भारी नुकसान हुआ था।

बीआरजी ने फिर से कहा कि वह बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों के 'शोषण' का विरोध करता है और ऐसे कामों को निशाना बनाता रहेगा।

हाल के दिनों में बलूचिस्तान में ऐसे हमले बढ़ते जा रहे हैं, जिनमें पाकिस्तानी सेना और पुलिस को निशाना बनाया जा रहा है। इन हमलों में काफी जान-माल का नुकसान हुआ है और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it