उत्तर कोरिया ने दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, दक्षिण कोरिया के साथ बढ़ा तनाव
उत्तर कोरिया ने गुरुवार को करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. दक्षिण कोरिया ने कहा कि उसकी सेना पूरी तरह सतर्क है.

कनाडा को ‘एसोसिएट मेंबर’ बनाने की योजना से पीछे हटा यूरोपीय संघ
कनाडा के मॉन्ट्रियल में 29 और 30 अक्टूबर को होने वाले ईयू-कनाडा शिखर सम्मेलन के बाद दोनों पक्ष संयुक्त बयान जारी करेंगे. इसके नए मसौदे से कनाडा को ‘एसोसिएट मेंबर’ बनाने का जिक्र हटा दिया गया है. यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन ने सितंबर में कनाडा को ईयू का पहला ‘एसोसिएट मेंबर’ बनाने का प्रस्ताव दिया था. हालांकि, अब कनाडा और यूरोपीय संघ के संयुक्त बयान के मसौदे से ‘एसोसिएट मेंबर’ और ‘एसोसिएट सदस्यता’ जैसे शब्द हटा दिए गए हैं.
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए को राजनयिकों से मिली जानकारी के मुताबिक, जर्मनी के चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स और यूरोपीय संघ के कई अन्य देशों के नेताओं ने इन शब्दों को हटाने पर जोर दिया. उनका कहना था कि इस विशेष दर्जे का मतलब स्पष्ट नहीं है और यूरोपीय आयोग ने इस प्रस्ताव पर सदस्य देशों से पहले पर्याप्त चर्चा नहीं की.
अब संयुक्त बयान में कनाडा और ईयू के बीच रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया गया है. दोनों पक्षों के बीच वित्तीय बाजारों और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े सहयोग के प्रस्तावों को भी कम किया गया है. यह बयान शुक्रवार को मॉन्ट्रियल में ईयू-कनाडा शिखर सम्मेलन के अंत में जारी किया जा सकता है.
यूपी एमएलसी चुनावों में समाजवादी पार्टी पांच सीटें जीती, इनमें वाराणसी की दोनों सीटें शामिल
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के चुनावी नतीजे साफ हो गए हैं. न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने छह और समाजवादी पार्टी (एसपी) ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है. एसपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों- शिक्षक और स्नातक पर भी जीत हासिल की है.
इसे लेकर विपक्षी नेताओं ने बीजेपी और पीएम मोदी पर तंज कसा है. कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “कांग्रेस की सीटें गिनने से पहले काश यह भी विचार कर लेते कि उनके अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर भाजपा क्यों हारी और आरएसएस के गढ़ नागपुर में कांग्रेस ने भाजपा को कैसे हराया?”
दरअसल, बुधवार को पीएम मोदी ने एक पोस्ट कर एमएलसी चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर तंज कसा था. उन्होंने लोगों से अंदाजा लगाने को कहा था कि चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं. तब तक कांग्रेस ने एक भी सीट नहीं जीती थी. कर्नाटक में पार्टी चारों सीट हार गई थी.
हालांकि, इसके बाद नागपुर के स्नातक निर्वाचक क्षेत्र से जीत दर्ज कर अभिजीत वंजारी ने कांग्रेस का सूखा खत्म किया. यह जीत इसलिए भी अहम रही क्योंकि नागपुर में आरएसएस का मुख्यालय है और इसे बीजेपी का गढ़ भी माना जाता है. अभिजीत वंजारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि अब यह बीजेपी का गढ़ नहीं है, अब यह कांग्रेस का गढ़ बन गया है.
चक्रवात अर्नब के चलते छह लोगों की मौत, बिजली के 15 हजार खंबों को नुकसान पहुंचा
बुधवार, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराकर आगे बढ़े चक्रवात अर्नब की वजह से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने आंध्र प्रदेश के एक सरकारी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है. राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक बयान में कहा कि चक्रवात की वजह से कम से कम 15,000 बिजली के खंबों को नुकसान पहुंचा है, जिससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है.
नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवात के कारण 70 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसलें पानी में डूब गई हैं. उन्होंने बताया कि 10,500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैली बागवानी फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है. इसके अलावा घरों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है. नायडू ने चक्रवात की वजह से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की भी घोषणा की है.
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के पास एक कार्गो शिप भी इंजन फेल होने की वजह से समुद्र में फंस गया है. मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला यह जहाज विशाखापट्टनम में माल उतारकर सिंगापुर लौट रहा था. आशंका है कि चक्रवात अर्नब के असर के चलते जहाज का इंजन खराब हुआ. इंडियन कोस्ट गार्ड ने जहाज के कर्मियों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया है. इसके लिए एक जहाज और एक हेलिकॉप्टर को तैनात किया गया है.
ब्राजील चुनाव में हार के बाद बोल्सोनारो अमेरिका पहुंचे, खुद को बताया ‘ब्राजील का नेता’
ब्राजील चुनाव में हार के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो ने देश छोड़कर खुद को “ब्राजील का नेता” बताया. वे यात्रा प्रतिबंध के बावजूद ब्राजील छोड़कर बुधवार को अमेरिका के मियामी पहुंच गए. फ्लावियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बयान जारी किया. अपने बयान में बोल्सोनारो ने आरोप लगाया कि चुनाव में “धोखाधड़ी” हुई है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा को रविवार के चुनाव में जीत भ्रष्ट न्यायिक व्यवस्था की मदद से मिली है.
उन्होंने कहा कि वह विदेश में रहकर ब्राजील में लोकतंत्र की लड़ाई का नेतृत्व करेंगे. वह लूला को देश में “तानाशाही शासन” मजबूत करने से रोकना चाहते हैं. बोल्सोनारो ने अपने बयान में कहा, “मैं ब्राजील से भागा नहीं हूं. मैं ब्राजील की खातिर वहां से निकला हूं.” उन्होंने आगे कहा, “मेरे खिलाफ कोई गिरफ्तारी वारंट नहीं है, क्योंकि मैंने कोई अपराध नहीं किया है. मेरे खिलाफ राजनीतिक कारणों से बदले की कार्रवाई की जा रही है.”
मीडिया द्वारा प्रकाशित तस्वीरों में फ्लावियो बोल्सोनारो अपनी पत्नी फर्नांडा और दोनों बेटियों के साथ मियामी एयरपोर्ट पर निजी विमान से उतरते नजर आए. इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा था कि वह बोल्सोनारो और उनके परिवार को वीजा जारी करेगा और उन्हें अमेरिका में प्रवेश की अनुमति देगा.
अपने बयान में बोल्सोनारो ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति और अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार जताया. अर्जेंटीना के आव्रजन अधिकारियों के मुताबिक, बोल्सोनारो अर्जेंटीना के रास्ते इक्वाडोर जाने वाले एक निजी विमान में सवार हुए थे. इसके बाद वह मियामी पहुंचे.
उत्तर कोरिया ने दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, दक्षिण कोरिया के साथ बढ़ा तनाव
उत्तर कोरिया ने गुरुवार को अपने पूर्वी तट की ओर करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. दक्षिण कोरिया की सेना ने इसकी जानकारी दी. यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है, जब दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बढ़ रहा है. दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर वॉनसान से कम दूरी वाली करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं. इन मिसाइलों ने लगभग 250 किलोमीटर (155 मील) की दूरी तय की. दक्षिण कोरिया ने कहा कि उसकी सेना पूरी तरह सतर्क है और अमेरिका के साथ मिलकर किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है.
यह मिसाइल परीक्षण उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के चीन दौरे के कुछ दिनों बाद हुआ. किम ने सप्ताहांत में अचानक चीन का दौरा किया था. जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी उत्तर कोरिया की ओर से संभावित बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की.
दोनों देशों के बीच तनाव पिछले महीने सीमा पर हुए बारूदी सुरंग विस्फोटों के बाद और बढ़ गया. इन विस्फोटों में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे. दक्षिण कोरिया ने आरोप लगाया कि उत्तर कोरिया ने सीमा के दक्षिणी हिस्से में बारूदी सुरंगें बिछाई थीं और उससे माफी मांगने को कहा. हालांकि, उत्तर कोरिया ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और चेतावनी दी कि उकसाए जाने पर वह जवाबी कार्रवाई करेगा.
पिछले सप्ताह उत्तर कोरिया ने सीमा के पास लाउडस्पीकर से प्रचार दोबारा शुरू करने और नए हथियार तैनात करने की धमकी दी थी. इसके बाद दक्षिण कोरिया ने सीमा से जुड़े विवाद को सुलझाने का प्रस्ताव दिया. लेकिन उत्तर कोरिया ने अभी तक इसका जवाब नहीं दिया है.
सशस्त्र बलों में अधिक महिलाओं के होने से बेहतर हो सकती है महिला सुरक्षा: भारत
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा है कि सशस्त्र बलों में अधिक महिलाओं के होने से संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों में महिलाओं को अधिक सुरक्षा दी जा सकती है. यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने बुधवार को कहा कि संघर्षों से महिलाओं और लड़कियों के लिए पैदा होने वाले खतरे, सशस्त्र बलों में महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व की मांग करते हैं. उन्होंने कहा कि इससे यूएन के महिला, शांति और सुरक्षा के एजेंडे को बढ़ावा मिलेगा.
उन्होंने तत्काल कदम उठाने की जरूरत पर जोर देते हुए यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेष की रिपोर्ट का हवाला दिया जिसमें कहा गया है कि 75 करोड़ महिलाएं और लड़कियां, संघर्ष के 50 किलोमीटर के दायरे में रहती हैं. संघर्ष में यौन हिंसा के मुद्दे पर यूएन महासचिव की विशेष प्रतिनिधि प्रमिला पट्टेन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "संघर्षों से घिरती दुनिया में यौन हिंसा एक राजनीतिक हथियार बन गई है."
इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना की दो अधिकारियों का भी उदाहरण दिया जिन्होंने यूएन की शांति सेना में काम करते हुए महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए काम किया है. इनमें से एक मेजर मोइज यासीन को पिछले साल यूएन का मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला है. पी हरीश ने आगे बताया कि भारत ने खुद महिलाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए अपने सशस्त्र बलों में बदलाव किए हैं.


