Top
Begin typing your search above and press return to search.

इजरायल: हेब्रोन में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज, 70 संदिग्ध गिरफ्तार

इजरायल के रक्षा बल (आईडीएफ) ने वेस्ट बैंक के हेब्रोन क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया। यह कार्रवाई जूडिया क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना के बाद शुरू की गई। इस मुठभेड़ में इजरायल के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सैनिक मामूली रूप से घायल हुए हैं।

इजरायल: हेब्रोन में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज, 70 संदिग्ध गिरफ्तार
X

येरूशलम। इजरायल के रक्षा बल (आईडीएफ) ने शुक्रवार को वेस्ट बैंक के हेब्रोन क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया। यह कार्रवाई जूडिया क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना के बाद शुरू की गई। इस मुठभेड़ में इजरायल के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सैनिक मामूली रूप से घायल हुए हैं।

आईडीएफ के अनुसार, मारे गए सैनिकों की पहचान स्टाफ सार्जेंट रॉन योनातन रॉयटमैन और सार्जेंट युवाल शाई स्विलेम के रूप में हुई है। घायल सैनिकों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उनके परिवारों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

आईडीएफ ने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद इजरायली सैनिकों और इजरायल बॉर्डर पुलिस ने वेस्ट बैंक के हेब्रोन क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया। हेब्रोन और हलहुल के आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा लगाया गया है। सुरक्षाकर्मी संदिग्ध आतंकवादियों और अन्य आरोपियों के घरों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

इजरायली सेना के सेंट्रल कमांड के कमांडर मेजर जनरल अवि ब्लुथ ने घटनास्थल पर कहा कि सैनिकों की बहादुरी के कारण इजरायली नागरिकों के खिलाफ एक बड़े आतंकवादी हमले को नाकाम कर दिया गया। उन्होंने मारे गए दोनों सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ब्लुथ ने कहा कि सैनिकों ने नागरिकों को गंभीर आतंकवादी हमले से बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान को व्यापक स्तर पर शुरू किया है। इसका उद्देश्य आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में लाना और सभी प्रकार के आतंकवादी ढांचे को नष्ट करना है।

आईडीएफ ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान इजरायली सेना, बॉर्डर पुलिस और इजरायल पुलिस ने इजरायल सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर वेस्ट बैंक के विभिन्न इलाकों में दर्जनों आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए।

इन अभियानों के दौरान करीब 70 वांछित लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें हमास और इस्लामिक जिहाद जैसे संगठनों से जुड़े संदिग्धों के अलावा इजरायल और उसके सैनिकों के खिलाफ भड़काऊ गतिविधियों में शामिल लोग भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान कई हथियार भी बरामद किए। इनमें एम-16 राइफलें, कार्लो सबमशीन गन और चार विस्फोटक उपकरण शामिल हैं। आईडीएफ ने कहा कि इजरायली नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वेस्ट बैंक में आतंकवाद विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it