Top
Begin typing your search above and press return to search.

अफगानिस्तान में सैकड़ों एकड़ अफीम की फसल नष्ट, भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त

अफगानिस्तान के उत्तरी बगलान प्रांत में पुलिस ने करीब 400 एकड़ जमीन पर उगाई गई अवैध फसलों को नष्ट कर दिया है। प्रांतीय पुलिस कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

अफगानिस्तान में सैकड़ों एकड़ अफीम की फसल नष्ट, भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
X

काबुल। अफगानिस्तान के उत्तरी बगलान प्रांत में पुलिस ने करीब 400 एकड़ जमीन पर उगाई गई अवैध फसलों को नष्ट कर दिया है। प्रांतीय पुलिस कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

बयान के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रांत के कई जिलों में की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध फसलों, खासकर अफीम की खेती को खत्म करने का यह अभियान प्रदेश में चल रहे एंटी-ड्रग अभियान का हिस्सा है।

पिछले हफ्ते, दक्षिणी हेलमंद प्रांत में भी अफगानिस्तान की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने बड़ी मात्रा में ड्रग्स और ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की थी।

सरकारी समाचार एजेंसी बख्तर न्यूज के अनुसार, अधिकारियों ने करीब 8,170 किलो हेरोइन और ड्रग तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए। यह कार्रवाई ड्रग तस्करी रोकने और अवैध ड्रग्स बनाने और बेचने वाले नेटवर्क को खत्म करने की कोशिशों का हिस्सा बताई गई है।

दो मई को पश्चिमी निमरोज प्रांत में सुरक्षा बलों ने 55 किलो मेथामफेटामाइन भी जब्त की थी। अधिकारियों ने कहा है कि वे ड्रग्स के खिलाफ अभियान को मजबूत करेंगे और देशभर में अवैध नशीले पदार्थों के फैलाव को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रखेंगे।

26 अप्रैल को गृह मंत्रालय ने बताया था कि अलग-अलग प्रांतों में चलाए गए अभियान के दौरान ड्रग तस्करी के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मंत्रालय के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में हशीश, नशे के ल‍िए इस्‍तेमाल की जाने वाली गोलियां और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। बयान में कहा गया कि ये गिरफ्तारियां देशभर में ड्रग तस्करी रोकने और सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने की लगातार कोशिशों का हिस्सा हैं।

15 अप्रैल को पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में एंटी-नारकोटिक्स विभाग के प्रांतीय निदेशक कारी वहीदुल्लाह मतावकिल ने बताया था कि पुलिस ने 100 किलो से ज्यादा अलग-अलग तरह के नशीले पदार्थ सार्वजनिक रूप से जलाकर नष्ट किए।

इनमें हशीश, हेरोइन, अफीम और स्थानीय तौर पर 'टैबलेट-के' कहलाने वाली हजारों नशे के इस्‍तेमाल वाली गोलियां शामिल थीं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।

अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी प्रांत में अवैध ड्रग्स बनाने या तस्करी करने का अधिकार नहीं है, और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it