Top
Begin typing your search above and press return to search.

चंगेज खान: जिसने अपनी ताकत से बदल दिया इतिहास

चंगेज खान खूंखार आक्रमणकारी होने के साथ ही दूरदर्शी राजनेता भी था जिसने सबसे विशाल भू-भाग वाले साम्राज्य की नींव रखी.

चंगेज खान: जिसने अपनी ताकत से बदल दिया इतिहास
X

चंगेज खान इतिहास की सबसे चर्चित हस्तियों में से एक है. वह एक खूंखार आक्रमणकारी था जिसके हमलों में करीब 4 करोड़ लोगों की जान गई, लेकिन वह एक दूरदर्शी राजनीतिज्ञ भी था जिसने सबसे विशाल भू-भाग वाले साम्राज्य की नींव रखी.

बर्लिन में मंगोल साम्राज्य के संस्थापक चंगेज खान और उसके उत्तराधिकारियों से जुड़ी एक प्रदर्शनी लगाई गई है. आइए, जानते हैं कि चंगेज खान ने दुनिया के इतिहास को कैसे बदल दिया.

मंगोल साम्राज्य के संस्थापक चंगेज खान की मृत्यु 1227 में हुई थी. उसकी मृत्यु की 800वीं बरसी से पहले, बर्लिन की जेम्स-साइमन-गैलरी में ‘चंगेज खान और मंगोलों की दुनिया' नाम की प्रदर्शनी लगाई गई है. इसके जरिए उसकी विरासत और ‘मंगोल सदी' (1250-1350) की झलक दिखाई जा रही है.

एक क्रांतिकारी व्यक्ति की ताकत

इस प्रदर्शनी परियोजना के निदेशक माथियास वेमहॉफ का कहना है कि यह शासक आज भी ‘बेहद प्रासंगिक' है. उन्होंने डीडब्ल्यू को बताया, "चंगेज खान के दौर को आप ‘मंगोल सदी' भी कह सकते हैं. यह साफ तौर पर दिखाता है कि कैसे स्थापित व्यवस्थाएं बहुत तेजी से ढह सकती हैं, कैसे विशाल साम्राज्य नक्शे से अचानक गायब हो सकते हैं, और कैसे पूरी दुनिया का परिदृश्य पूरी तरह से बदल सकता है.”

वेमहॉफ कहते हैं कि इस प्रभावशाली नेता का दुनिया पर पड़ा अभूतपूर्व असर आज के उन क्रांतिकारी लोगों की याद दिलाता है, जो समाज में अचानक और अप्रत्याशित बदलाव ला रहे हैं. वह कहते हैं, "हमेशा से यह सवाल रहा है कि क्या दुनिया की राजनीति को गिने-चुने लोग तय करते हैं या फिर बड़े समूह और सामाजिक प्रक्रियाएं?”

रोमन हॉलीडेः प्राचीन रोम में लोग कैसे मनाते थे छुट्टियां

संग्रहालय के निदेशक वेमहॉफ ने इस खानाबदोश शासक पर 2026 में आने वाली एक किताब भी लिखी है. वह कहते हैं कि इस मामले में जवाब बिल्कुल साफ है. "अगर चंगेज खान नहीं होता, तो विश्व इतिहास की दिशा सचमुच पूरी तरह से अलग होती, क्योंकि इतिहास का एक बड़ा हिस्सा सीधे तौर पर उसी से जुड़ा हुआ है.”

दुनिया के सबसे बड़े साम्राज्य का संस्थापक

चंगेज खान का जन्म लगभग 1162 के आसपास हुआ था. उसके बचपन का नाम तेमुजिन था. उसके पिता का नाम येसुगेई था, जो एक मंगोल कबीले के सरदार थे. उनके निधन के समय तेमुजिन बहुत छोटा था. इसके बाद, उनके पूरे परिवार को कबीले ने अकेला छोड़ दिया. अपने परिवार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए, तेमुजिन ने किशोरावस्था में ही अपने सौतेले बड़े भाई बेक्तेर की हत्या कर दी थी.

अपने आकर्षक व्यक्तित्व और करिश्माई अंदाज की बदौलत उसने नए गठबंधन बनाए और ऐसे समर्थक जुटाए जिनकी मदद से वह मंगोलियाई स्टेपी (मैदानों) का एकमात्र शासक बन गया. उसने 1206 में औपचारिक रूप से ‘चंगेज खान' की उपाधि धारण की.

अपने सबसे अच्छे समय में, मंगोल साम्राज्य लगभग 2.4 करोड़ वर्ग किलोमीटर (करीब 93 लाख वर्ग मील) के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ था. यह चीन और कोरिया से लेकर पूर्वी यूरोप और मध्य पूर्व के हिस्सों तक फैला था, जो पृथ्वी के कुल भू-भाग का 16 फीसदी से भी अधिक हिस्सा था.

वेमहॉफ के मुताबिक, चंगेज खान ने अपने शासनकाल में कई नई चीजें शुरू कीं. सबसे पहले, उसने युद्ध लड़ने के तरीके को ही बदल दिया. सेना में अधिकारियों की पदोन्नति उनके खानदानी रसूख (कुलीन दर्जे) या कबीले के प्रति वफादारी के आधार पर ना होकर, उनकी योग्यता, अनुशासन और निष्ठा के आधार पर होती थी. सैनिकों को 10, 100, 1,000 और 10,000 की दशमलव इकाइयों में व्यवस्थित किया गया था.

आज के मानकों के हिसाब से अनपढ़ होने के बावजूद, चंगेज खान ने मंगोलियाई भाषा के लिए पहली लिखित लिपि को अपनाने पर जोर दिया. इसकी वजह से एक प्रशासनिक ढांचा खड़ा हो सका, आबादी और टैक्स का हिसाब रखा जाने लगा, शाही फरमान दर्ज होने लगे, कानूनी फैसले जारी किए जाने लगे और कूटनीतिक कामकाज को संभालने में मदद मिली.

चंगेज खान के शासन में ऐसे कानून बनाए गए जिन्होंने अलग-थलग बंटे कबीलाई प्रथाओं की जगह एक एकीकृत कानूनी व्यवस्था लागू की. इसके साथ ही, कागजी मुद्रा को अपनाने से व्यापार और लेनदेन भी काफी आसान हो गया.

पूरे मंगोल साम्राज्य में धार्मिक स्वतंत्रता की नीति लागू की गई. इस नीति हर व्यक्ति को बिना किसी सरकारी दबाव के अपनी पसंद के धर्म का पालन करने की छूट मिली.

मंगोल साम्राज्य से पहले, सिल्क रोड स्थानीय संघर्षों और भारी करों के कारण कई हिस्सों में बंटा हुआ था. मंगोल शासन ने पूरे मार्ग को एक ही सत्ता के अधीन कर दिया, जिससे लंबी दूरी की यात्रा कहीं अधिक सुरक्षित हो गई.

मंगोल साम्राज्य को अपेक्षाकृत राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक मेल जोल के दौर के रूप में जाना जाता है. इतिहासकार इस दौर को "पैक्स मंगोलिका” (मंगोल शांति का युग) कहते हैं.

हालांकि, वेमहॉफ बताते हैं कि "यह सब अत्यधिक क्रूरता के साथ हुआ. मंगोलों के हाथों लाखों लोग मारे गए, बड़े पैमाने पर लोगों की हत्याएं हुईं और महिलाओं के साथ अत्याचार हुए. यह सब इतने बड़े पैमाने पर हुआ, जिसकी पहले कभी कल्पना भी नहीं की गई थी.”

मंगोलों ने बदल दिया दुनिया का इतिहास

इस प्रदर्शनी की शुरुआत एक ऐसे हमले से होती है जो चंगेज खान की मौत के बाद हुआ था, लेकिन यह जगह बर्लिन से सिर्फ 260 किलोमीटर दूर थी. पोलैंड के सिलेसिया में 1241 में लड़ा गया ‘लेगनिका का युद्ध'. यह घटना मंगोलों की क्रूरता और उनकी भयंकर ताकत का एक जीता-जागता उदाहरण है.

वेमहॉफ बताते हैं, "मंगोल बेहद फुर्तीले और तेजी से आगे बढ़ने वाले योद्धा थे. वे छोटे घोड़ों पर सवार होते थे और हल्के कवच पहनते थे, जो धातु की छोटी-छोटी पट्टियों से बना होता था. वे ऐसी हेलमेट पहनते थे जिससे उनका चेहरा खुला रहता था. वे ऐसे धनुष चलाते थे, जिनसे एक मिनट में 20 या उससे अधिक तीर छोड़े जा सकते थे.”

दूसरी ओर, भारी कवच पहने और बड़े-बड़े युद्धक-घोड़ों पर सवार यूरोपीय शूरवीर अपने इन दुश्मनों के सामने टिक नहीं पाए.

वह आगे कहते हैं, "जब उन पर तीरों की बौछार होती थी, तो आखिरकार उनके घोड़े गिर जाते थे. इसके बाद, भारी कवच पहने योद्धा जमीन पर पीठ के बल पड़े रह जाते थे और उठ नहीं पाते थे. उनकी हालत उस कीड़े जैसी हो जाती थी, जो पीठ के बल गिरने पर छटपटाता रहता है. दोनों पक्षों के लड़ने का तरीका एक-दूसरे से बिल्कुल अलग था.”

मंगोलों के पश्चिम की ओर किए गए सैन्य अभियानों ने दुनिया में शक्ति संतुलन और सत्ता के पारंपरिक केंद्रों को बदल दिया. इन बदलावों का प्रभाव आज भी वैश्विक राजनीति पर पड़ता है.

उदाहरण के लिए, कीवन रूस (जो पहला पूर्वी स्लाविच राज्य था) पर मंगोल आक्रमण के बाद, उसकी समृद्ध राजधानी कीव उजड़ गई और वहां आबादी ना के बराबर रह गई. वहीं दूसरी ओर, मॉस्को एक प्रमुख क्षेत्रीय ताकत के रूप में उभरा और इसकी एक बड़ी वजह यह थी कि उसने मंगोलों से लड़ने के बजाय उनके साथ सहयोग करने का रास्ता चुना.

वेमहॉफ कहते हैं, "हमारे पश्चिमी यूरोपीय समाज की यादों में मंगोल आक्रमण की कोई खास जगह नहीं है. यह किसी किस्से-कहानी की तरह है.” वे बताते हैं कि चंगेज खान और उसके तुरंत बाद के उत्तराधिकारियों के दौर का जिक्र पश्चिमी यूरोप के सामान्य स्कूल सिलेबस में शायद ही कभी होता है.

जर्मन लोग मुख्य रूप से इस साम्राज्य के संस्थापक के नाम से 1979 के यूरो-डिस्को पॉप बैंड ‘चंगेज खान' के जरिए परिचित हैं. इस बैंड ने ‘यूरोविजन सॉन्ग कॉन्टेस्ट' में इसी नाम के एक गाने के साथ पश्चिमी जर्मनी का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें एक जटिल इतिहास को बहुत ही सतही और घिसे-पिटे रूप में पेश किया गया था.

वेमहॉफ कहते हैं, "लेकिन पूर्वी यूरोप में, मंगोल आक्रमणों ने सब कुछ पूरी तरह से बदल दिया और यह बदलाव इतना गहरा था कि आज भी हम इसके परिणाम महसूस करते हैं.”


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it