Top
Begin typing your search above and press return to search.

बीजिंग में खत्म हुआ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का पांचवां प्लेनम, 376 में से पहुंचे सिर्फ 279 सदस्य

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं केंद्रीय समिति का पांचवां पूर्ण अधिवेशन (फिफ्थ प्लेनम) 29 अक्टूबर को बीजिंग में संपन्न हुआ।

बीजिंग में खत्म हुआ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का पांचवां प्लेनम, 376 में से पहुंचे सिर्फ 279 सदस्य
X

नई दिल्ली। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं केंद्रीय समिति का पांचवां पूर्ण अधिवेशन (फिफ्थ प्लेनम) 29 अक्टूबर को बीजिंग में संपन्न हुआ। यह बैठक 2027 में होने वाले नेतृत्व परिवर्तन से पहले आयोजित होने के कारण दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी रही। इसके साथ ही केंद्रीय समिति की कथित तौर पर रिकॉर्ड स्तर पर कम उपस्थिति और 33 अधिकारियों को हटाए जाने की खबरों ने भी ध्यान खींचा।

कई रिपोर्टों के अनुसार, केंद्रीय समिति की कुल 376 सदस्यीय बैठक में 279 सदस्य ही शामिल हुए, जबकि 33 अधिकारियों को कथित रूप से बाहर कर दिया गया।

'नाइल पोस्ट' की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इन घटनाक्रमों ने जवाबदेही, राजनीतिक निष्ठा और राष्ट्रपति तथा कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव शी चिनफिंग के हाथों में बढ़ते शक्ति केंद्रीकरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब चीन 2027 में होने वाले नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी कर रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पांचवां प्लेनम चीन के राजनीतिक नेतृत्व के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। अधिकारियों के खिलाफ बताए जा रहे बड़े पैमाने के जांच अभियानों ने शीर्ष नेतृत्व पर निगरानी और बहस को तेज कर दिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह अभियान शी चिनफिंग की पार्टी निर्माण संबंधी व्यापक रणनीति का एक प्रमुख हिस्सा बन चुका है। इस रणनीति में वैचारिक एकरूपता, संगठनात्मक अनुशासन और ऐसे अधिकारियों के चयन पर जोर दिया जाता है, जो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करें।

रिपोर्ट में कहा गया है कि जैसे-जैसे पार्टी 2027 के कांग्रेस अधिवेशन की ओर बढ़ रही है, जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाइयां अगली पीढ़ी के नेताओं की संरचना को प्रभावित कर सकती हैं।

अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजिंग के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक अनुशासित पार्टी बनाए रखने के साथ-साथ उस संस्थागत क्षमता को भी सुरक्षित रखना है, जिसकी जरूरत एक जटिल अर्थव्यवस्था और विशाल समाज को चलाने के लिए होती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि लंबे समय के लिए सबसे बड़ा सवाल चीन की राजनीतिक व्यवस्था के भीतर जवाबदेही को लेकर है। जैसे-जैसे 2027 का नेतृत्व परिवर्तन करीब आएगा, इसके प्रभाव केवल कुछ अधिकारियों के करियर तक सीमित नहीं रहेंगे। यह तय करने में भी भूमिका निभाएंगे कि चीन में पार्टी अनुशासन, राजनीतिक सत्ता और प्रशासनिक प्रभावशीलता के बीच संबंध कैसे विकसित होते हैं।

पांचवें प्लेनम के संदेश को संक्षेप में बताते हुए रिपोर्ट कहती है कि इसकी अहमियत केवल इस बात में नहीं है कि कितने अधिकारियों पर कार्रवाई हुई, बल्कि इस बात में है कि यह प्रक्रिया कम्युनिस्ट पार्टी के भीतर सत्ता संचालन के नियमों और नेतृत्व को जवाबदेह ठहराने के उपलब्ध तंत्रों के बारे में क्या संकेत देती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it