अमेरिका-भारत व्यापारिक सहयोग में एआई साझेदारी और निवेश बढ़ाने पर जोर
भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यूनाइटेड स्टेट्स सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स हॉवर्ड लुटनिक के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें अमेरिका-भारत व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा की गई

नई दिल्ली। भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यूनाइटेड स्टेट्स सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स हॉवर्ड लुटनिक के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें अमेरिका-भारत व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा की गई।
इस बैठक में दोनों देशों के बीच एआई साझेदारी, निवेश बढ़ाने और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, जो द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और गहरा बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "यूनाइटेड स्टेट्स सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स हॉवर्ड लुटनिक के साथ अमेरिका-भारत कमर्शियल रोडमैप पर एक सार्थक बैठक हुई। हमने भारत के एआई स्केल को अमेरिकी एआई इकोसिस्टम से जोड़ने वाले एक नए एमओयू, आने वाले सिलेक्ट यूएसए समिट में भारत की मजबूत भागीदारी, और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने तथा सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए अमेरिका में भारतीय फार्मा निवेश को बढ़ाने पर चर्चा की।''
गोर इस समय अमेरिका में हैं और कई बैठकों में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान सर्जियो गोर व्हाइट हाउस में एक रात्रिभोज में भाग लेंगे।
इससे पहले गोर ने वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों, जिनमें एफबीआई निदेशक काश पटेल भी शामिल हैं, के साथ बैठकों के बाद सहयोग के विस्तार पर प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने रचनात्मक चर्चा की, जिसमें 'सीमा पार खतरों, साइबर अपराध, मादक पदार्थों और अवैध नेटवर्क' से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
गोर ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ अपनी बैठक के बाद संबंधों के राजनीतिक पहलू पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “अभी-अभी उपराष्ट्रपति के साथ शानदार बैठक समाप्त हुई। अमेरिका-भारत संबंधों पर उपराष्ट्रपति के निरंतर नेतृत्व और ध्यान के लिए धन्यवाद।”
उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में व्हाइट हाउस इस क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय है।” उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तथा उसमें भारत की भूमिका पर अमेरिका के निरंतर ध्यान की ओर इशारा किया।
कूटनीतिक प्रयासों में गोर और अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के बीच बैठक भी शामिल रही, जो दोनों पक्षों के बीच करीबी समन्वय को दर्शाती है। गोर ने कहा, “मेरे मित्र क्वात्रा से मिलकर हमेशा खुशी होती है। वे हमारे रणनीतिक संबंधों की गहराई से परवाह करते हैं।”
क्वात्रा ने इस बातचीत को दोनों लोकतंत्रों के बीच संबंधों को मजबूत करने के जारी प्रयासों का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, “वॉशिंगटन डीसी की यात्रा के दौरान अपने मित्र, राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर खुशी हुई। उनके सहयोग का सम्मान करता हूं, और हम दोनों देशों के नेताओं द्वारा तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपने मजबूत प्रयास जारी रखेंगे।”


